कॉलेज जा रही छात्रा पर प्राणघातक हमला
साथ पढनेवाले नाबालिग छात्र की करतूत

अंजनगांव बारी रोड पर राम मेघे कॉलेज के पास हुई वारदात
युवती पर हमले की घटना से मचा हड़कंप
घायल युवती रीम्स में इलाज हेतु भर्ती
विद्यार्थियों ने संदिग्ध आरोपी को कथित तौर पर पीटा
पुलिस पहुंची मौके पर, नाबालिग सहपाठी हिरासत में
अमरावती/दि.29 – अंजनगांव बारी रोड स्थित राम मेघे कॉलेज के पास एक युवती पर हमला किए जाने की घटना से परिसर में अचानक हड़कंप मच गया. घटना में युवती घायल हो गई, जिसे तत्काल उपचार के लिए रीम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवती पर उसके साथ पढ़ने वाले एक छात्र द्वारा हमला किए जाने का संदेह है. कॉलेज के आसपास युवती पर हमला होने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में विद्यार्थी घटनास्थल पर जमा हो गए. इस दौरान विद्यार्थियों ने संदिग्ध छात्र को पकड़ लिया. आरोप है कि गुस्साए विद्यार्थियों ने उसकी कथित तौर पर पिटाई भी की. बाद में बडनेरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और संदिग्ध नाबालिग को अपने कब्जे में लिया.
प्राथमिक स्तर पर यह संदेह व्यक्त किया जा रहा है कि युवती और हिरासत में लिए गए छात्र के बीच पहले से परिचय था तथा दोनों एक ही कॉलेज में साथ पढ़ते हैं. हालांकि, हमले की वास्तविक वजह क्या थी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है. किसी व्यक्तिगत विवाद, कहासुनी अथवा अन्य कारण से यह घटना हुई, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी. पुलिस ने घटनास्थल की जानकारी जुटाने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों और संबंधित विद्यार्थियों से पूछताछ शुरू कर दी है. युवती और संदिग्ध छात्र के बीच घटना से पहले क्या बातचीत हुई थी तथा हमले की नौबत क्यों आई, इस दिशा में भी पुलिस जांच कर रही है.
हमले में घायल युवती को तत्काल उपचार के लिए रीम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है. उसकी चोटों की प्रकृति और वर्तमान स्थिति के संबंध में पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है. पुलिस अस्पताल से भी आवश्यक जानकारी प्राप्त कर रही है. घटना की जानकारी फैलते ही राम मेघे कॉलेज और अंजनगांव बारी रोड परिसर में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई. बड़ी संख्या में विद्यार्थी घटनास्थल पर जमा होने के कारण पुलिस ने स्थिति पर नजर रखी. संदिग्ध छात्र के साथ विद्यार्थियों द्वारा कथित मारपीट किए जाने के बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित हिरासत में लिया.
फिलहाल बडनेरा पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. युवती के बयान, प्रत्यक्षदर्शियों की जानकारी और घटनास्थल से मिलने वाले साक्ष्यों के आधार पर हमले की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट होने की उम्मीद है. पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारण और आरोपी की भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी.





