परिवार ने 4 साल तक शव फ्रीजर में रखा
भावनात्मक लगाव के चलते अंतिम संस्कार नहीं किया

50 लाख रुपये खर्च किए, मुंबई की घटना
मुंबई /दि.30– मुंबई के मालाड में एक 80 वर्षीय व्यक्ति की मौत के चार साल बाद भी उनकी पत्नी और दो बेटों ने भावनात्मक लगाव के कारण अंतिम संस्कार नहीं किया. परिवार ने शव को फ्रीजर में सुरक्षित रखा, जिस पर 50 लाख रुपये से अधिक खर्च किए गए हैं. पुलिस ने किसी भी तरह की गड़बड़ी की आशंका से इनकार किया है. इस व्यक्ति की 2022 में कैंसर, किडनी फेल होने और उम्र से संबंधित अन्य बीमारियों के कारण मौत हुई थी. मृतक की एक बेटी वकील है.
परिवार अब शव को अमेरिका भेजने पर विचार कर रहा है. कुरार पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि परिवार ने शुरुआत में शव को मुंबई के मालाड स्थित अपने घर के फ्रीजर में रखा था. बाद में उनकी आवासीय इमारत को गिराकर पुनर्विकास का काम शुरू होने के बाद परिवार ने शव को एक स्थानीय क्लिनिक में रखवा दिया. यह क्लिनिक करीब एक महीने पहले बंद हो गया.
पुलिस की जानकारी के मुताबिक, परिवार अब शव को अमेरिका की ऐसी किसी सुविधा में भेजने के विकल्प पर विचार कर रहा है, जहां शव को लंबे समय तक क्रायोप्रिजर्वेशन तकनीक के जरिए सुरक्षित रखा जाता है. इस प्रक्रिया में शरीर के अंगों को बेहद कम तापमान पर संरक्षित किया जाता है. पुलिस को मिली जानकारी के बाद यह मामला सामने आया. रिश्तेदारों और पड़ोसियों को भी इसकी जानकारी थी. पुलिस ने किसी भी संदिग्ध गतिविधि से इनकार करते हुए कहा कि संबंधित व्यक्ति की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई थी. पुलिस ने इस मामले में कोई अपराध दर्ज नहीं किया है.





