बडनेरा रेलवे स्टेशन पर नुक्कड़ नाटक से स्वच्छता का संदेश

‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत बच्चों ने यात्रियों को किया जागरूक

अमरावती/दि.6 – ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान एवं स्वच्छता पखवाड़े के तहत 4 अक्टूबर को बडनेरा रेलवे स्टेशन परिसर में स्वच्छता पर आधारित नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया. रेलवे स्टेशन के स्वच्छता विभाग एवं रेलवे चाइल्ड हेल्पलाइन बडनेरा के संयुक्त तत्वावधान में दिशा संस्था, अमरावती के दिशा कम्युनिटी सेंटर के बच्चों ने ‘स्वच्छता ही सेवा’ विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया.
नाटक के माध्यम से बच्चों ने रेलवे स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और कचरे के उचित प्रबंधन का संदेश दिया. यात्रियों एवं उपस्थित नागरिकों से रेलवे परिसर को नियमित रूप से स्वच्छ और सुंदर रखने तथा कचरा इधर-उधर नहीं फेंकते हुए निर्धारित कूड़ेदान में डालने की अपील की गई. बच्चों की प्रस्तुति के साथ गीतों के माध्यम से भी स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया गया. रेलवे चाइल्ड हेल्पलाइन के कर्मचारी रमेश मोंढे ने गीत के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया.
* बच्चों से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी
कार्यक्रम के दौरान ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत बच्चों से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी उपस्थित लोगों को दी गई. निराधार, अनाथ, निराश्रित, गंभीर बीमारी से पीड़ित, दिव्यांग, एकल अभिभावक वाले तथा परित्यक्त बच्चों को शासन की ओर से आगे की शिक्षा के लिए उपलब्ध कराए जाने वाले लाभों के बारे में बताया गया. अधिकारियों ने अपील की कि पात्र बच्चों को इन योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर संपर्क किया जा सकता है. इसके अलावा जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी कार्यालय, अमरावती में संपर्क कर भी आवश्यक जानकारी और सहायता प्राप्त की जा सकती है. कार्यक्रम में स्वास्थ्य निरीक्षक संजय बुंदिले, अरविंद गुप्ता, राहुल जांगड़े, स्टेशन मैनेजर, जिला बाल संरक्षण अधिकारी अजय डबले, आरपीएफ के पुलिसकर्मी पटेल, जीआरपी पुलिस कर्मचारी, चाइल्ड हेल्पलाइन कर्मचारी रमेश मोंढे, मयुरी पानझाड़े, प्रियंका मांजरे सहित रेलवे के स्वच्छता कर्मचारी उपस्थित रहे.

Back to top button