त्योहारों के सीजन में मसालों की गुणवत्ता पर एफडीए की पैनी नजर
चिवडा,शेव और चकली के मसालों के 30 नमूने लिए

मुंबई की राष्ट्रीय प्रयोगशाला में होगी जांच
अमरावती/ दि. 7– आगामी दशहरा और दीपावली सहित त्यौहारी सीजन को देखते हुए खाद्य पदार्थो की गुणवत्ता का मुद्दा सामने आया है. इसी के मद्देनजर खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने मसाला पदार्थो पर विशेष नजर रखनी शुरू कर दी है. एफडीए के खाद्य सुरक्षा दल ने जिले के विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों से एक ही दिन में मसालों के 30 नमूने लिए है. सभी नमूने जांच के लिए मुंबई स्थित राष्ट्रीय प्रयोगशाला भेजे गए है. प्रयोगशाला की रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित पदार्थो की गुणवत्ता के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
दशहरा और दिपावली के दौरान चिवडा, शेव,चकली सहित विभिन्न खाद्य पदार्थो की मांग काफी बढ जाती है. इन खाद्य पदार्थो को तैयार करने के लिए अलग-अलग प्रकार के मसालों का बडे पैमाने पर इस्तेमाल किया जाता है. त्यौहारों के दौरान मांग बढने के कारण मसालों की गुणवत्ता से समझौता होने की आशंका को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने जांच अभियान शुरू किया है.
इसी पृष्ठभूमि में एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे ने राज्यभर में मसाला पदार्थो के नमूने लेकर उनकी जांच करने के निर्देश दिए थे.अमरावती जिले के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करते हुए मसालों के 30 नमूने संकलित किए. इन सभी नमूनों को मुंबई की राष्ट्रीय प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है.
जांच के दौरान यदि नमूनों में मिलावट, गुणवत्ता संबंधी खामियां अथवा खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. इसके चलते त्यौहारी सीजन में बाजार में बिक्री क लिए आने वाले मसाला पदार्थो की गुणवत्ता पर एफडीए की नजर बनी रहेंगी.
रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार एक ही दिन में मसालों के 30 नमूने लिए गए है. इन्हें मुंबई की प्रयोगशाला में जाचं के लिए भेजा दिया गया है. प्रयोगशाला की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उसके आधार पद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
गजानन गोरे,
अन्न सुरक्षा अधिकारी, एफडीए





