कुख्यात अवैध शराब विक्रेता पर लगा एमपीडीए
एक साल के लिए मध्यवर्ती कारागृह में किया स्थानबद्ध

* जिलाधिकारी के आदेश
अमरावती/दि.7- आगामी त्यौहारों के मद्देनजर अमरावती ग्रामीण जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए पुलिस द्वारा निवारक कार्रवाई तेज कर दी गई है. इसी क्रम में वरुड तहसील के लोणी निवासी अतुल बाबाराव खंडाले (39) के खिलाफ एमपीडीए के तहत कार्रवाई की गई है.
जानकारी के मुताबिक अतुल खंडाले गांव में अवैध रूप से हाथभट्टी की शराब तैयार कर बेचने में लिप्त था तथा उसके कारण क्षेत्र में दहशत का माहौल होने की शिकायतें थीं. इसके बाद बेनोदा पुलिस ने उसके खिलाफ एमपीडीए के तहत प्रस्ताव तैयार कर पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के समक्ष प्रस्तुत किया. प्रस्ताव की जांच के बाद इसे जिला दंडाधिकारी के पास भेजा गया. प्रस्ताव पर कार्रवाई करते हुए जिला कलेक्टर आशीष येरेकर ने 6 अक्टूबर को आदेश जारी कर अतुल खंडाले को एक वर्ष के लिए हिरासत में रखने के निर्देश दिए. आदेश के अनुसार उसी दिन उसे हिरासत में लिया गया. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अमरावती ग्रामीण जिले में कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले आपराधिक तत्वों के खिलाफ भविष्य में भी निवारक कार्रवाई जारी रहेगी. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम, अपर पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड़ और उपविभागीय पुलिस अधिकारी उमेश पाटिल के मार्गदर्शन में एलसीबी निरीक्षक अशोक लांडे, बेनोडा थानेदार विवेक देशमुख, पुलिसकर्मी विशाल रोकड़े, अमोल देशमुख सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे.





