चमन नगर के 46 परिवारों का जल्द होगा पुनर्वास

रिंगरोड निर्माण का रास्ता साफ

* मनपा ले-आउट में सड़क का काम पूरा
* बिजली के पोल खड़े, पेयजल पाइपलाइन के लिए 23 लाख रुपए मंजूर
अमरावती/दि.7 – बडनेरा की जुनी बस्ती स्थित चमन नगर में वर्षों से रह रहे 46 परिवारों के पुनर्वास का रास्ता अब साफ होता नजर आ रहा है. पुनर्वास के लिए मनपा द्वारा तैयार किए गए ले-आउट में सड़क का निर्माण पूरा कर लिया गया है. बिजली आपूर्ति के लिए विद्युत पोल खड़े कर दिए गए हैं, जबकि पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पाइपलाइन बिछाने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है. इन मूलभूत सुविधाओं का काम आगे बढ़ने के बाद अब वर्षों से लंबित पड़े रिंगरोड के निर्माण को गति मिलने की उम्मीद है.
बडनेरा के अलमास गेट से जुड़ने वाले रिंगरोड के निर्माण में चमन नगर का अतिक्रमण एक प्रमुख बाधा था. रिंगरोड का काम पूरा करने के लिए यहां वर्षों से रह रहे 46 परिवारों को हटाकर उनका पुनर्वास करना आवश्यक था. इसी के चलते अगस्त माह में मनपा के तोड़ू दस्ते ने पुलिस के कड़े बंदोबस्त में चमन नगर का अतिक्रमण पूरी तरह हटा दिया था. 18 अगस्त को कार्रवाई करते हुए पूरे अतिक्रमण को जमींदोज कर दिया गया था.
* चार एकड़ जमीन पर तैयार हुआ पुनर्वास ले-आउट
प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए मनपा प्रशासन ने रिंगरोड परिसर में करीब चार एकड़ जमीन पर ले-आउट तैयार किया. इस ले-आउट में 46 परिवारों को प्रत्येक 500 वर्गफुट के भूखंड उपलब्ध कराए गए हैं. हालांकि, परिवारों की ओर से मांग की गई थी कि भूखंड देने के साथ ही वहां सड़क, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएं. मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था होने तक प्रभावित परिवारों ने स्थानांतरित नहीं होने की भूमिका अपनाई थी. इसके बाद नागरिकों की मांग और एमआईएम पार्षद नजीब करीम खान तथा नूजहत परवीन शाकीर हुसैन के प्रयासों से पुनर्वास स्थल पर सुविधाओं का काम आगे बढ़ाया गया. मनपा आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले के निर्देश पर शहर अभियंता श्रीधर कांबले ने ले-आउट में खड़ीकरण का काम पूरा कर सड़क तैयार कर दी है. इसके साथ ही बिजली पहुंचाने के लिए विद्युत पोल भी खड़े कर दिए गए हैं.
* पानी की पाइपलाइन के लिए 23 लाख रुपए मंजूर
पुनर्वास स्थल पर पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पाइपलाइन बिछाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. इसके लिए 23 लाख रुपए की निधि मंजूर की गई है. सड़क और बिजली की सुविधा उपलब्ध होने तथा पानी की व्यवस्था का काम शुरू होने के बाद अब 46 परिवारों के स्थानांतरण की प्रक्रिया जल्द पूरी होने की संभावना है. मनपा आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले ने चमन नगर के 46 परिवारों को जल्द स्थानांतरित होने की हिदायत दी है. प्रशासन के सामने अब रिंगरोड का निर्माण शुरू करने के लिए संबंधित जगह खाली कराना महत्वपूर्ण है.
* रवि राणा के प्रयासों से रिंगरोड को गति मिलने के संकेत
बडनेरा के अलमास गेट से जुड़ने वाला यह रिंगरोड लंबे समय से लंबित है. अब चमन नगर के परिवारों के पुनर्वास की प्रक्रिया आगे बढ़ने के बाद रिंगरोड के निर्माण को गति मिलने के संकेत हैं. विधायक रवि राणा के प्रयासों से वर्षों से अटकी इस परियोजना का काम जल्द शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है.
* कई प्रमुख मार्गों के यातायात को मिलेगी राहत
रिंगरोड का निर्माण पूरा होने के बाद अमरावती शहर से बाहर भातकुली, परतवाड़ा, अंजनगांव, दर्यापुर तथा नांदगांव पेठ की ओर जाने वाले नागरिकों को बड़ी राहत मिलने की संभावना है. शहर के भीतर से गुजरने वाले वाहनों का दबाव कम होने के साथ ही इन क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा. वर्षों से लंबित पड़े इस रिंगरोड के लिए अब पुनर्वास स्थल पर सड़क, बिजली और पेयजल जैसी सुविधाओं का काम आगे बढ़ चुका है. ऐसे में 46 परिवारों का पुनर्वास पूरा होते ही रिंगरोड के निर्माण कार्य को भी जल्द गति मिलने की उम्मीद है.

Back to top button