खेत में बिजली का केबल बना काल, 25 वर्षीय युवक की मौत
चिंचोली बु. में खेत में पानी देने के दौरान हादसा

* बेटे को बचाने दौड़े पिता, आंखों के सामने तड़पकर हुई मौत
अंजनगांव सुर्जी/दि.7 – अंजनगांव सुर्जी तहसील क्षेत्र में सूखे की मार के बीच किसान अपनी फसलों को बचाने के लिए दिन-रात खेतों में मेहनत कर रहे हैं. इसी बीच चिंचोली बु. गांव में बुधवार 7 अक्टूबर को खेत में फसल को पानी देने के दौरान बिजली के करंट की चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक का नाम चिंचोली बु. निवासी संकेत मनोहर मुरे है.
जानकारी के मुताबिक संकेत मुरे अपने पिता मनोहर मुरे के साथ बुधवार सुबह खेत में फसल को पानी देने के लिए गया था इसी दौरान रबी की बुआई के लिए खेत में पड़े एक इलेक्ट्रिक केबल को किनारे करने का प्रयास किया जा रहा था बताया जाता है कि इसी दौरान बिजली के तार पर मौजूद केबल संकेत के शरीर पर गिर गया और वह बिजली के करंट की चपेट में आ गया. बेटे को करंट लगते देख पिता मनोहर मुरे ने उसे बचाने के लिए तत्काल प्रयास किया. उन्होंने बांबू की मदद से संकेत को केबल से अलग करने की कोशिश की, लेकिन बिजली का प्रवाह जारी रहने के कारण वह केबल से नहीं छूट सका. स्थिति गंभीर देख पिता बिजली आपूर्ति बंद कराने के लिए डीपी की ओर दौड़े. इसी दौरान करंट लगने से संकेत की मौके पर ही मौत हो गई. आंखों के सामने जवान बेटे की मौत होते देख पिता मनोहर मुरे का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. घटना की जानकारी गांव में फैलते ही शोक की लहर दौड़ गई. महज 25 वर्ष की उम्र में युवक की इस तरह हुई मौत से ग्रामीणों में भी गहरा दुख व्यक्त किया जा रहा है.





