‘बलीराजा की दिवाली काली नहीं होने देंगे’
प्रधानमंत्री से मुलाकात में आधे घंटे तक सिर्फ राज्य के सूखे पर चर्चा की

* उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का दावा
परभणी/दि.7- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर परभणी में शिवसेना की ओर से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. इस कार्यक्रम में महिलाओं को साइकिल और सिलाई मशीन वितरित करने के बाद उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अपने भाषण में विभिन्न मुद्दों पर बात की. इसी दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हाल ही में हुई मुलाकात का जिक्र करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री ने उन्हें मुलाकात के लिए एक घंटे का समय दिया था. इसमें से करीब आधा घंटा उन्होंने केवल महाराष्ट्र में सूखे की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की.
अपने भाषण में एकनाथ शिंदे ने कहा, सूखे की इस स्थिति में सरकार आपके साथ मजबूती से खड़ी है. किसानों, आप हिम्मत मत हारिए. सरकार ने सूखा घोषित किया है. किसानों की परेशानियों से हम परिचित हैं. यह किसानों की सरकार है. मुझे भी किसानों की समस्याओं का एहसास है. मैं भी किसान का बेटा हूं. किसान हमारा अन्नदाता है. प्रधानमंत्री ने भी कहा है कि शिंदे, आप चिंता मत कीजिए. केंद्र सरकार भी आपके साथ मजबूती से खड़ी है.
उन्होंने आगे कहा कि जब भी किसानों पर संकट आया है, सरकार किसानों के साथ खड़ी रही है. पिछले वर्ष भी जब राज्य में भारी बारिश हुई थी, तब हम किसानों के खेतों और बांधों तक पहुंचे थे. पिछली बार हमने बलीराजा की दिवाली काली नहीं होने दी थी. इस वर्ष भी ऐसा नहीं होने देंगे, ऐसी गारंटी एकनाथ शिंदे ने दी. आगे बोलते हुए एकनाथ शिंदे ने किसानों से अपील की कि वे हिम्मत न हारें और अपने परिवार के बारे में सोचें. उन्होंने कहा, कोई भी टोक का कदम न उठाएं. बैंकों वालों को रोकेंगे. उन्होंने बताया कि किसानों के लिए 12 सूत्रीय कार्यक्रम चलाया जा रहा है. शिंदे ने कहा कि किसानों का संकट जहां भी है, वहां सरकार और शिवसेना मौजूद है. उन्होंने यह भी कहा कि अब शिवसेना ने 80 प्रतिशत समाजसेवा और 20 प्रतिशत राजनीति का कोई सिद्धांत नहीं रखा है, बल्कि अब 100 प्रतिशत समाजसेवा ही पार्टी का उद्देश्य है.





