10 अक्तू. के बाद देश में भडक सकता है गृहयुध्द
‘वंचित’ के मुखिया प्रकाश आंबेडकर ने जताई आशंका

* दिल्ली में 50 हजार कथित दंगाइयों के पहुंचने का दावा
* शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों को रोकने का लगाया आरोप
मुंबई /दि.9- वंचित बहुजन आघाड़ी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रकाश आंबेडकर ने आरोप लगाया है कि कल 10 अक्तूबर को दिल्ली में होने वाले देशव्यापी आंदोलन को हिंसक बनाने की साजिश रची जा रही है. उन्होंने दावा किया कि भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े 50 हजार से अधिक कथित दंगाइयों को दिल्ली में प्रवेश दिया गया है, जबकि शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे नागरिकों और कार्यकर्ताओं को रास्ते में रोका जा रहा है. आंबेडकर ने चेतावनी दी कि यदि आंदोलन के दौरान लाठीचार्ज या गोलीबारी की स्थिति बनी, तो देश में गृहयुद्ध जैसी परिस्थितियां पैदा हो सकती हैं.
मुंबई में आयोजित पत्रकार परिषद में एड. प्रकाश आंबेडकर ने 10 अक्तूबर के आंदोलन को वंचित बहुजन आघाड़ी का समर्थन घोषित किया. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन में हिंसा भड़काकर पुलिस को बल प्रयोग का अवसर देने की योजना बनाई जा रही है और इस मामले में केंद्रीय गृह मंत्रालय की भूमिका पर भी सवाल उठाए. एड. प्रकाश आंबेडकर के अनुसार, आंदोलनकारियों को रोकने के लिए रेलगाड़ियों, निजी वाहनों और सड़कों पर जांच की जा रही है. उन्होंने मेट्रो स्टेशनों और बस सेवाओं को बंद किए जाने का भी दावा किया. उनके मुताबिक, शांतिपूर्ण आंदोलन को रोकने के प्रयास लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं.
एड. आंबेडकर ने केंद्र सरकार से आंदोलन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने देने की मांग की. भाजपा, आरएसएस और केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से इन आरोपों पर प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं है.





