दिवाली की छुट्टियों में अनिवार्य शिक्षक प्रशिक्षण रद्द करें
शिक्षक समिति ने शिक्षा मंत्री और शिक्षा आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

अमरावती /दि.14- दिवाली की छुट्टियों के दौरान आयोजित अनिवार्य शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रमों को रद्द करने की मांग महाराष्ट्र राज्य प्राथमिक शिक्षक समिति ने की है. समिति के प्रदेश अध्यक्ष विजय दत्तात्रय कोंबे और प्रदेश महासचिव राजन कोरगांवकर ने इस संबंध में राज्य के स्कूल शिक्षा मंत्री तथा शिक्षा आयुक्त को ज्ञापन सौंपा.
समिति का कहना है कि दिवाली की छुट्टियां शिक्षकों के व्यक्तिगत, पारिवारिक और धार्मिक-सांस्कृतिक नियोजन के साथ मानसिक विश्राम के लिए महत्वपूर्ण हैं. ऐसे में छुट्टियों के दौरान प्रशिक्षण आयोजित करने से उनकी पूर्व नियोजित यात्राओं और अन्य कार्यों पर असर पड़ता है. समिति ने स्पष्ट किया कि वह प्रशिक्षण के विरोध में नहीं है, बल्कि छुट्टियों में इसके आयोजन पर आपत्ति है. प्रशिक्षण परीक्षा कार्यक्रम में उपलब्ध समय पर आयोजित करने, जहां संभव हो वहां ऑनलाइन विकल्प देने, पहले शुल्क जमा कर चुके शिक्षकों से दोबारा शुल्क नहीं लेने और अनुपस्थित शिक्षकों के लिए वैकल्पिक सत्र आयोजित करने की मांग की गई है. समिति ने प्रशिक्षण संबंधी स्पष्ट और शिक्षकहितैषी नीति बनाकर कार्यक्रम की समीक्षा करने तथा संशोधित आदेश जारी करने की अपील की है. यह जानकारी प्रदेश प्रचार प्रमुख राजेश सावरकर ने दी.





