आदर्श हाईस्कूल में एनसीसी अधिकारियों का सद्भावना दौरा
विद्यार्थियों को अनुशासन, देशभक्ति और राष्ट्रसेवा का संदेश

जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए किया प्रेरित
दर्यापुर/दि.14 – विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना जागृत करने, राष्ट्र के प्रति सम्मान बढ़ाने तथा उनमें आत्म-अनुशासन, जिम्मेदारी और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से 62 महाराष्ट्र बटालियन अमरावती के एनसीसी अधिकारी डी. एम. रेड्डी और संदीप डाकडे ने दर्यापुर स्थित आदर्श हाईस्कूल का सद्भावना दौरा किया.
इस दौरान एनसीसी अधिकारियों ने विद्यार्थियों को देशभक्ति, राष्ट्रसेवा, अनुशासित जीवनशैली और राष्ट्रीय कैडेट कोर के महत्व के बारे में विस्तृत मार्गदर्शन दिया. उन्होंने विद्यार्थियों से अपने दैनिक जीवन में आत्म-अनुशासन अपनाने, समय का महत्व समझने तथा देश की एकता और अखंडता बनाए रखने में योगदान देने का आह्वान किया.
* शारीरिक क्षमता और नेतृत्व विकास पर जोर
एनसीसी अधिकारियों ने कहा कि विद्यार्थियों को जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनकर देश की प्रगति में अपनी भूमिका निभानी चाहिए. एनसीसी विद्यार्थियों में शारीरिक क्षमता, मानसिक दृढ़ता, टीम भावना और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है. ये गुण विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ भविष्य में राष्ट्रसेवा के लिए भी उपयोगी साबित होते हैं.
* विद्यालय की ओर से अधिकारियों का सम्मान
कार्यक्रम में विद्यालय के उपप्राचार्य विलास मुले उपस्थित थे. कार्यक्रम का नियोजन एवं समन्वय सीटीओ अतुल श्रीराम शिरसाट और वैशाली बारब्दे ने किया. विद्यालय की ओर से उपस्थित एनसीसी अधिकारियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया. कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रभारी डी. बी. ठाकरे ने विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए एनसीसी अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया. विद्यालय में आयोजित इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों में देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना मजबूत करने के साथ ही उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं.





