महाकाल दर्शन के लिए गया 19 वर्षीय युवक नदी में डूबा

इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

लोहगांव /दि.16– भगवान महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन गए एक 19 वर्षीय युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई. इस दर्दनाक घटना से परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है. मृतक की पहचान आदित्य चौगुले (19) निवासी साठे नगर, लोहगांव के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार, आदित्य भगवान शिव का भक्त था और महाकाल के दर्शन की इच्छा लेकर अकेले उज्जैन गया था. 10 जून को वह उज्जैन स्थित एक नदी में स्नान कर रहा था. इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में बह गया. घटना के बाद उसका कोई पता नहीं चल सका. यात्रा के दौरान आदित्य लगातार अपने माता-पिता के संपर्क में था, लेकिन अचानक दो दिनों तक उससे संपर्क नहीं हो पाया. इससे चिंतित होकर उसके माता-पिता उज्जैन पहुंचे और स्थानीय पुलिस थाने में बेटे की गुमशुदगी की जानकारी देने गए.
पुलिस थाने में उन्हें बताया गया कि कुछ दिन पहले नदी से एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था. जब पहचान के लिए शव की तस्वीर दिखाई गई, तो माता-पिता के होश उड़ गए. तस्वीर उनके बेटे आदित्य की थी. परिजनों ने नम आंखों से उसकी पहचान की. आदित्य अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और स्नातक के अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था. परिवार को उम्मीद थी कि पढ़ाई पूरी कर वह घर की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाएगा और उनका सहारा बनेगा. लेकिन इस हादसे ने परिवार की सारी उम्मीदें तोड़ दीं. 14 जून को उज्जैन में ही आदित्य का अंतिम संस्कार किया गया. इकलौते युवा बेटे की असमय मौत से चौगुले परिवार गहरे सदमे में है. इस घटना से लोहगांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है तथा लोग परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं.

Back to top button