रेमंड प्रबंधन को विधायक राजेश वानखडे ने लगाई फटकार

स्थानीय युवाओं को 80 प्रतिशत रोजगार देने के दिए निर्देश

नांदगांव पेठ/दि.16- स्थानीय पंचतारांकित एमआईडीसी परिसर स्थित प्रसिद्ध कपडा निर्माता कंपनी रेमंड में कामगारों की विभिन्न समस्याओं को लेकर 13 जून शनिवार को विधायक राजेश वानखडे ने कंपनी प्रबंधन के साथ बैठक कर अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कामगारों की समस्याओं के तत्काल समाधान के निर्देश दिए और स्पष्ट शब्दों में कहा कि, कामगारों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय, मानसिक उत्पीडन या दबाव अब सहन नहीं किया जाएगा.
कामगारों द्वारा दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि, रेमंड प्रबंधन द्वारा कुछ कर्मचारियों को परेशान किया जा रहा है. साथ ही कुछ श्रमिक संघ पदाधिकारियों की मिलिभगत से कर्मचारियों पर अन्याय किए जाने की शिकायत भी सामने आई है. इस संदर्भ में विधायक वानखडे ने कंपनी अधिकारियों को तत्काल समस्या का समाधान कराए जाने के निर्देश दिए. विधायक वानखडे ने कहा कि, यदि कामगारों के अधिकारों का हनन किया गया, तो कंपनी प्रबंधन को श्रम कानूनों के तहत जिम्मेदार ठहराया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि, स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता मिलनी चाहिए और कंपनी में कम से कम 80 प्रतिशत स्थानीय रोजगार सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है, अन्यथा उचित कार्रवाई की जाएगी.
विधायक वानखडे ने आगे कहा कि, एमआईडीसी की कई कंपनियों में स्थानीय कामगारों के साथ अन्याय की शिकायते लगातार आ रही है, जिन्हें गंभीरता से लेना जरुरी है. बैठक के दौरान विधायक वानखडे ने कंपनी प्रबंधन के अधिकारियों को कडी फटकार लगाते हुए कामगारों की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने के निर्देश दिए. इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष विवेक गुल्हाने, तिवसा नगर पंचायत पार्षद प्रकाश पडोले, कंपनी हेड विकास राजा, एचआर गणेश शिंदे सहित संबंधित अधिकारी, कामगार एवं पदाधिकारी उपस्थित थे.

Back to top button