दोस्त को छोडकर घर लौट रहे नाबालिग युवक को लूटा
तिवसा थाना क्षेत्र के नमस्कारी गांव के पास की घटना
अमरावती/दि.1 – अपने दोस्त को उसके गांव छोडकर दुपहिया वाहन से वापस लौट रहे एक 17 वर्षीय नाबालिग युवक को बीच रास्ते में रोककर तीन युवकों ने मारपीट कर लूट लिया. यह घटना तिवसा थाना क्षेत्र के नमस्कारी गांव के पास घटित हुई.
जानकारी के मुताबिक तिवसा तहसील के जावरा फत्तेपुर ग्राम निवासी एक 17 वर्षीय युवक अपने दोस्त खुशाल पारिसे को नमस्कारी गांव के घर छोडने के लिए अपने अन्य साथी सार्थक कुरवाडे के साथ दुपहिया वाहन पर सवार होकर गया था. खुशाल को घर छोडने के बाद दोनों युवक दुपहिया वाहन से अपने गांव की तरफ लौट रहे थे, तब बीच रास्ते में नमस्कारी गांव के बाहर पुल के पास एक मोटरसाइकिल रास्ते में खडी कर इन युवकों ने उन्हें रोका और चाबी निकालकर शराब पीने के लिए 1500 रुपए की मांग की. इंकार करने पर नाबालिग युवक और उसके साथी सार्थक को तीनों युवकों ने पीटकर सार्थक के कान से सोने की बाली और 300 रुपए नकद लूट लिए. पश्चात तीनों युवक वहां से भाग गए. शिकायत के आधार पर तिवसा पुलिस ने संदिग्ध भारत रामकृष्ण वैराडे (32), संघरक्षित विलास थुल (20) और सुमीत उमेश कांबले (19) के खिलाफ लूटपाट का मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.





