सहायक प्राध्यापक पद के लिए 1.20 करोड़ का ‘रेट’!

चंद्रपुर में शिक्षक भर्ती को लेकर मचा हड़कंप

* योग्यता से ज्यादा पैसे की चर्चा
चंद्रपुर/दि.1- उच्च शिक्षा हासिल कर सहायक प्राध्यापक बनने का सपना देखने वाले बेरोजगार युवाओं के बीच चंद्रपुर से सामने आई एक कथित चर्चा ने शिक्षा क्षेत्र में हलचल पैदा कर दी है. पोंभूर्णा तहसील के एक महाविद्यालय में सहायक प्राध्यापक के एक पद के लिए कथित तौर पर 1 करोड़ 20 लाख रुपए की मांग किए जाने की चर्चा है. हालांकि, इस कथित आर्थिक लेन-देन की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
बताया जा रहा है कि संबंधित संस्था को हाल ही में सहायक प्राध्यापक और प्राध्यापक के पदों पर भर्ती करने की अनुमति मिली थी. इसके बाद महाविद्यालय की ओर से नियमानुसार भर्ती का विज्ञापन भी जारी किया गया. विज्ञापन में शैक्षणिक योग्यता, चयन प्रक्रिया और अन्य आवश्यक नियमों का उल्लेख किया गया है. लेकिन दूसरी ओर, एक पद के लिए करोड़ों रुपए के कथित ‘रेट’ की चर्चा ने भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
राज्य में बड़ी संख्या में युवा पीएचडी, नेट और सेट जैसी उच्च शैक्षणिक योग्यताएं हासिल करने के बाद वर्षों से नौकरी के अवसर की प्रतीक्षा कर रहे हैं. ऐसे में यदि नौकरी के लिए आर्थिक लेन-देन की चर्चाएं सही साबित होती हैं, तो यह पूरी चयन प्रक्रिया की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े कर सकता है. शिक्षा क्षेत्र से जुड़े कुछ लोगों के बीच यह चर्चा भी है कि कई संस्थानों में प्राध्यापक भर्ती के लिए बड़ी रकम की मांग किए जाने की बातें पहले भी सामने आती रही हैं. पोंभूर्णा के इस मामले में एक सहायक प्राध्यापक पद के लिए 1.20 करोड़ रुपए का कथित रेट चर्चा का विषय बना हुआ है.
* 17 पदों पर भर्ती, सभी पर उठे सवाल
सूत्रों के अनुसार, संबंधित संस्था को सहायक प्राध्यापक और प्राध्यापक के कुल 17 पदों पर भर्ती की मंजूरी मिलने की जानकारी सामने आई है. ऐसे में अब इन सभी पदों की भर्ती प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. यदि एक पद के लिए इतनी बड़ी रकम की मांग की चर्चा है, तो क्या अन्य पदों पर भी किसी तरह का आर्थिक व्यवहार होगा, यह सवाल शिक्षा जगत में पूछा जा रहा है.
* अन्य संस्थानों में 70 से 80 लाख के ‘रेट’ की चर्चा
यह मामला केवल एक संस्था तक सीमित होने का दावा भी किया जा रहा है. चंद्रपुर जिले की कुछ अन्य शैक्षणिक संस्थाओं में भी प्राध्यापक और सहायक प्राध्यापक पदों के लिए 70 से 80 लाख रुपए तक के कथित ‘रेट’ की चर्चा होने की बात सामने आ रही है. हालांकि, इन दावों की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

Back to top button