मालगाड़ी पर चढ़े युवक की करंट लगने से मौत
नागपुर रेलवे स्टेशन पर दर्दनाक हादसा

नागपुर /दि.14- नागपुर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया. स्टेशन परिसर में खड़ी मालगाड़ी पर चढ़े एक युवक की ओवरहेड हाई-वोल्टेज बिजली तार की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई.
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 5.30 बजे युवक मालगाड़ी पर चढ़कर ओवरहेड इलेक्ट्रिक तारों की ओर बढ़ने लगा. घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन ने तत्काल संबंधित लाइन की बिजली आपूर्ति बंद कर दी. कर्मचारी युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास कर रहे थे. इसी दौरान युवक अचानक दूसरी ओर खड़ी एक अन्य मालगाड़ी पर कूद गया और वहां मौजूद विद्युत तार के संपर्क में आ गया. तेज करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद रेलवे स्टेशन पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा. रेलवे प्रशासन और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. युवक की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है.