वाहन समेत साहित्य चोरी करने वाले आरोपी मध्यप्रदेश से गिरफ्तार

3.89 लाख का माल जब्त

* नांदगांव पेठ पुलिस की कार्रवाई
अमरावती/दि.24- विश्वासघात कर चोरी की गई संपत्ति बरामद करते हुए नांदगांव पेठ पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है. इस कार्रवाई में पांच आरोपियों को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया गया है और लगभग 3 लाख 89 हजार 705 रुपये का माल जब्त किया गया है. कंपनी में लगाए गए वाहन और उसमें मौजूद सामान लेकर सभी आरोपी भाग गये थे. लेकिन पुलिस ने जांच कर इस मामले में सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
शिकायतकर्ता निंभी ग्राम निवासी मारुती अंबादास इंगोले ने 30 मार्च को नांदगांवपेठ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने अपना मारुती कैरी वाहन एमएच-27/बीएच-3964 यह मुंबई स्थित हायड्रोमेक सिस्टम प्रा. लि. कंपनी को किराए से करार पर दिया था. कंपनी के मजदूर इस वाहन से नांदगांवपेठ से माहूली जहांगीर के बीच सामान की ढुलाई करते थे. लेकिन 30 मार्च को जब शिकायतकर्ता साइट पर पहुंचे, तो उनका वाहन और उसमें रखा सामान नहीं मिला. संबंधित मजदूरों से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उनके मोबाइल बंद पाए गए. कुल 3 लाख 89 हजार 705 रुपये का माल चोरी कर आरोपी वाहन लेकर भाग गये थे. अपने साथ धोखाधडी होने का पता चलते ही मारुती इंगोले ने नांदगांव पेठ थाने में शिकायत दर्ज की थी. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु की. जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी तरीके से आरोपियों का पता लगाया तो उनका लोकेशन मध्यप्रदेश के गंधावल (जि. बड़वानी) में मिला. इसके अनुसार नांदगांव पेठ पुलिस की टीम तुरंत रवाना हुई. पुलिस ने आरोपियों को गंधावल से हिरासत में लिया और चोरी का माल धार जिले के मनावर तहसील के बंजारी गांव से बरामद किया.
जब्त किए गए माल में मारुती कैरी वाहन, पांच वेल्डिंग मशीन, लगभग 400 मीटर केबल, वेल्डिंग सामग्री, लिफ्टिंग बेल्ट और डीजल शामिल है, जिसकी कुल कीमत 3 लाख 89 हजार 705 रुपये है. गिरफ्तार किये गये आरोपियों के नाम अमरनाथकुमार राजवली साहणी (26), प्रमोदकुमार राजवली साहणी (30), ओमकुमार राजवली साहणी (28), नौशाद अली मोहम्मद ईसा (25) और मनोजकुमार संभु मांजी (20) है. यह आरोपी बिहार के मुजफ्फर नगर जिले के साहेबगंज निवासी है. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त गणेश शिंदे और सहायक पुलिस आयुक्त कैलास पुंडकर के मार्गदर्शन में, पुलिस निरीक्षक दिनेश दहातोंडे और सहायह निरीक्षक रितेश राऊत के नेतृत्व में अपराध प्रकटीकरण दल के पीएसआई गणेश राऊत, हेड कांस्टेबल राजाराऊत, जवान निलेश साविकार, शोएबुद्दीन सय्यद, वैभव तिखीले, अमित ढोले, गोकुल दारोकार के दल ने की.

Back to top button