लक्ष्मीकांत कालकोंडे को विद्यापीठ से आचार्य पदवी प्रदान

अमरावती/दि.24- विदर्भ यूथ वेलफेयर सोसायटी, अमरावती अंतर्गत प्रा. राम मेघे अभियांत्रिकी व व्यवस्थापन महाविद्यालय, बडनेरा के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं दूरसंचार अभियांत्रिकी विभाग के सहायक प्राध्यापक लक्ष्मीकांत सुनील कालकोंडे को संत गाडगे बाबा अमरावती विद्यापीठ, अमरावती द्वारा आचार्य पदवी प्रदान की गई है.
उनका शोध प्रबंध रक्त वाहिकाओं पर आधारित डायबिटिक रेटिनोपैथी की पहचान हेतु डीप लर्निंग आधारित अनुकूलित मॉडल का डिजाइन एवं विकास विषय पर आधारित है. यह शोध आधुनिक मेडिकल इमेज प्रोसेसिंग तथा डीप लर्निंग तकनीकों के माध्यम से डायबिटिक रेटिनोपैथी के सटीक निदान में महत्वपूर्ण योगदान देने वाला है. उन्होंने स्कोपस सूचीबद्ध जर्नल में 2 शोध पत्र प्रकाशित किए हैं तथा अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में 2 शोध प्रस्तुतियाँ दी हैं, साथ ही 1 कॉपीराइट भी प्राप्त किया है. उन्होंने अपना संपूर्ण शोध कार्य पूज्य आचार्य जितेंद्रनाथजी महाराज को समर्पित किया है. वर्ष 2023 में अमरावती विश्वविद्यालय द्वारा ‘आविष्कार’ प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रस्तुति हेतु उन्हें पोस्ट पीजी श्रेणी में ‘कलर कोट’ प्रदान किया गया. वर्ष 2022 से प्रारंभ हुआ यह शोध कार्य पीआरएमसीईएएम, बडनेरा स्थित शोध केंद्र में मार्गदर्शक डॉ. काश्मिरा एन. कासट के कुशल मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक पूर्ण हुआ.
इस उपलब्धि पर कालकोंडे ने अपने शोध मार्गदर्शक, महाविद्यालय प्रशासन एवं संस्थान के प्रबंधन का आभार व्यक्त किया. विशेष रूप से प्राचार्य डॉ. अजय प. ठाकरे, सहकर्मी प्राध्यापक एवं गैर-शिक्षकीय कर्मचारियों के सहयोग को उन्होंने महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने अपनी माता सुवर्णा कालकोंडे, स्व. पिता सुनील कालकोंडे, सासू डॉ. अपर्णा देशपांडे एवं ससुर चंद्रशेखर देशपांडे का विशेष आभार व्यक्त किया. साथ ही पत्नी डॉ. प्राची, परिवार एवं मित्रों के निरंतर सहयोग से ही यह सफलता संभव हुई, ऐसा उन्होंने कहा. कालकोंडे की इस उपलब्धि पर शैक्षणिक एवं सामाजिक क्षेत्र से उन्हें बधाइयाँ प्राप्त हो रही हैं.





