बेटे के साथ बाजार गये युवक की हत्या का प्रयास

चाकू के हमले में युवक गंभीर रुप से घायल

* नागपुरी गेट थाना क्षेत्र के धरमकाटा परिसर की घटना
अमरावती/दि.20 – अपने बेटे के साथ बूंदी लेने के लिए बाजार में गए एक 32 वर्षीय युवक पर कासीब नामक 25 वर्षीय युवक ने चाकू से हमला कर हत्या करने का प्रयास किया. इस हमले में युवक गंभीर रुप से घायल हो गया. उसे गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है. यह घटना नागपुरी गेट थाना क्षेत्र के धरमकाटा के पास हाजीवल्ली चौक पर गत रात घटित हुई. हमले में घायल युवक का नाम शेख समीर शेख मुन्ना है.
जानकारी के मुताबिक वाहेद डीएड कॉलेज के पास रहने वाला शेख समीर शेख मुन्ना अपने बेटे के साथ बूंदी लेने के लिए हाजीवल्ली चौक पर पहुंचा तब वहां उसे परिचित कासीब (25) नामक युवक मिला. शेख समीर ने कासीब को देखते ही फटकार लगाते हुए कहा कि, वह बार-बार उसकी पत्नी को क्यों फोन कर रहा है. इस बात पर से उनमें विवाद हो गया. इस विवाद के चलते कासीब ने संतप्त होकर कमर से चाकू निकालकर शेख समीर के पेट में घोंप दिया. इस हमले में शेख समीर गंभीर रुप से घायल हो गया. हमले के बाद आरोपी युवक वहां से भाग गया, तब जख्मी युवक के परिचित रिजवान नामक युवक ने उसे ऑटो रिक्शा से जिला अस्पताल लाकर भर्ती किया. जख्मी शेख समीर की शिकायत पर नागपुरी गेट पुलिस ने ताज नगर में रहने वाले आरोपी युवक के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी की सरगर्मी से तलाश शुरु कर दी है.

Back to top button