मेडिकल कॉलेज के लिए बडनेरा सर्वाधिक उपयुक्त

आदिलाबाद की स्वीकृत भूमि पर ही हो निर्माण

* पार्षद अजय जयस्वाल का कहना
अमरावती /दि.4– प्रस्तावित शासकीय मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लिए बडनेरा स्थित आदिलाबाद क्षेत्र को सर्वाधिक उपयुक्त बताते हुए पार्षद अजय जयस्वाल ने शासन से स्वीकृत भूमि पर ही मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराने की मांग की है. उन्होंने कहा कि यह मुद्दा किसी राजनीतिक विवाद का नहीं, बल्कि जनहित, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और क्षेत्र के दीर्घकालीन विकास से जुड़ा हुआ है. इसलिए सरकार को किसी भी प्रकार के राजनीतिक दबाव से प्रभावित हुए बिना जनहित में निर्णय लेना चाहिए.
अजय जयस्वाल ने कहा कि आदिलाबाद स्थित भूमि का चयन शासन ने विस्तृत अध्ययन और नियोजन के आधार पर किया है. ऐसे में केवल विरोध के लिए परियोजना का स्थान बदलना न तो व्यावहारिक होगा और न ही जनहित में. उन्होंने कहा कि बडनेरा एक प्रमुख रेलवे जंक्शन होने के साथ-साथ राष्ट्रीय राजमार्ग से भी सीधे जुड़ा हुआ है, जिससे अमरावती जिले के अलावा पूरे विदर्भ तथा आसपास के जिलों के मरीजों को मेडिकल कॉलेज तक पहुंचने में आसानी होगी. उन्होंने बताया कि अमरावती शहर में पहले से जिला सामान्य अस्पताल, सुपर स्पेशालिटी अस्पताल, जिला महिला अस्पताल तथा पीडीएमसी मेडिकल कॉलेज जैसी प्रमुख स्वास्थ्य संस्थाएं संचालित हैं. इसके कारण शहर पर यातायात और आधारभूत सुविधाओं का दबाव लगातार बढ़ रहा है. इसके विपरीत आदिलाबाद क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज एवं उससे संबंधित भविष्य के विस्तार के लिए पर्याप्त और विस्तृत भूमि उपलब्ध है.
पार्षद जायसवाल ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना से बडनेरा क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी. इससे हजारों युवाओं के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा संपूर्ण क्षेत्र के संतुलित विकास का मार्ग प्रशस्त होगा. उन्होंने शासन से आग्रह किया कि शासकीय मेडिकल कॉलेज जैसी महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी परियोजना को राजनीति से दूर रखते हुए आदिलाबाद की पूर्व स्वीकृत भूमि पर ही शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाए, ताकि क्षेत्र की जनता को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा का लाभ समय पर मिल सके.

Back to top button