नागपुर आ रहे हैं बागेश्वर बाबा, अंनिस ने दी 80 लाख की खुली चुनौती
श्याम मानव बोले - बागेश्वर बाबा अपनी दिव्य शक्तियां साबित करें, इनाम मिलेगा

नागपुर /दि.24- नागपुर के जामठा परिसर में स्थापित किए जानेवाले ‘भारत दुर्गा मंदिर’ के भूमिपूजन कार्यक्रम में कई बड़े नेताओं की मौजूदगी रहने वाली है. इस कार्यक्रम में बागेश्वर बाबा यानि आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की संभावित उपस्थिति की खबर सामने आते ही विवाद शुरू हो गया. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री उर्फ बागेश्वर बाबा के संभावित नागपुर दौरे को लेकर शहर में एक बार फिर श्रद्धा बनाम अंधश्रद्धा का विवाद तेज हो गया है. इसी बीच अखिल भारतीय अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति (अंनिस) ने उन्हें 80 लाख रुपये का खुला चैलेंज दिया है.
अंनिस के अध्यक्ष श्याम मानव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि जो भी व्यक्ति अलौकिक शक्तियों का दावा करता है, वह इसे वैज्ञानिक तरीके से साबित करे. यदि वह सफल होता है, तो उसे 80 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा. इस चैलेंज के लिए संस्था ने सख्त मानदंड तय किए हैं, जिसके तहत 10 लोगों की जानकारी सीलबंद लिफाफे में रखी जाएगी, दावेदार को सही जानकारी बतानी होगी, अलग कमरे में रखी वस्तुओं की पहचान करनी होगी, पूरी प्रक्रिया दो चरणों में होगी, कम से कम 90% सटीकता अनिवार्य होगी.
गौरतलब है कि इससे पहले भी नागपुर में बागेश्वर बाबा के कार्यक्रम को लेकर विवाद हो चुका है. अंनिस ने पहले 30 लाख रुपये का चैलेंज दिया था, जिसे स्वीकार नहीं किया गया था. इस पूरे घटनाक्रम के बाद नागपुर में एक बार फिर धार्मिक आस्था और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के बीच बहस तेज हो गई है. सामाजिक और राजनीतिक हलकों में भी इस मुद्दे पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.





