संजय राउत को घर के बाहर कोई नहीं पुछता

उबाठा सांसद राउत पर भाजपा विधायक मंगेश चव्हाण का तीखा हमला

नासिक/जलगांव/दि.24 – भाजपा विधायक मंगेश चव्हाण ने शिवसेना (उद्धव गुट) के नेता व सांसद संजय राउत पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि संजय राउत की बातों को अब कोई गंभीरता से नहीं लेता और उन्हें उनके घर से बाहर कोई भी पुछता तक नहीं. इसलिए संजय राउत के बयानों को ज्यादा महत्व देने की जरूरत नहीं है.
विधायक मंगेश चव्हाण ने कहा कि रेलवे ओवरब्रिज जैसे महत्वपूर्ण विकास कार्यों को मंजूरी मिलना क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है और इससे यातायात की समस्या कम होगी. उन्होंने इसके लिए रेल मंत्रालय और संबंधित जनप्रतिनिधियों का आभार भी व्यक्त किया. महिला आरक्षण विधेयक के मुद्दे पर विधायक चव्हाण ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि महिलाओं को मुख्यधारा से दूर रखने का महापाप कांग्रेस ने किया है. उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग इस विधेयक के विरोध में खड़े हुए, उन्हें भविष्य में जनता माफ नहीं करेगी. उन्होंने कहा कि यह फैसला आने वाली पीढ़ियों तक याद रखा जाएगा और कांग्रेस पर यह काला धब्बा बना रहेगा.
विधायक चव्हाण ने बिना नाम लिए कुछ नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि आरोप लगाने वालों की विश्वसनीयता पर सवाल उठते हैं. उन्होंने कहा कि वे जल्द ही पत्रकार परिषद लेकर सभी आरोपों का विस्तार से जवाब देंगे. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें पार्टी द्वारा नासिक प्रभारी के रूप में जो जिम्मेदारी दी गई है, उसे वे पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे.

 

Back to top button