केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को फिर मिली धमकी
सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट, नागपुर में केस दर्ज

नागपुर /दि.24- केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और उनके परिवार को सोशल मीडिया के माध्यम से धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है. इस संबंध में नागपुर के धंतोली पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस के अनुसार, दिल्ली निवासी व्यवसायी और अखिल भारतीय हिंदू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुमित चौहान ने शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने बताया कि 22 अप्रैल को नागपुर प्रवास के दौरान उन्होंने फेसबुक पर ‘सनातनी शेर’ नामक आईडी से पोस्ट किया गया एक वीडियो देखा, जिसमें गडकरी और उनके परिवार के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते हुए गंभीर धमकियां दी गई थीं.
शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने एक अन्य वीडियो में धार्मिक भावनाएं भड़काने और समाज में तनाव पैदा करने वाले बयान भी दिए. पुलिस जांच में आरोपी की पहचान नागपुर निवासी आयुष रमेशचंद्र अग्रवाल के रूप में हुई है, जिसने शहर से ही यह वीडियो पोस्ट किया था. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. इस घटना के सामने आने के बाद शहर में हड़कंप मच गया है.
* पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
गौरतलब है कि इससे पहले भी नितिन गडकरी को उनके जनसंपर्क कार्यालय में तीन बार धमकी भरे फोन कॉल मिल चुके हैं. इन कॉल्स में 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी. जांच में इन कॉल्स का संबंध कर्नाटक से जुड़ा पाया गया था. इस पूरे घटनाक्रम के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.





