नगर परिषद मोर्शी के भूषण पावड़े का जिलाधिकारी आशिष येरेकर के हाथों सम्मान

मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य के लिए किया गया सम्मान

मोर्शी /दि.18 – नगर परिषद मोर्शी में कार्यरत लेखाधिकारी भूषण पावड़े को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए जिलाधिकारी आशिष येरेकर के हाथों सम्मानित किया गया.
भूषण पावड़े मतदान केंद्रस्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) के पर्यवेक्षक के रूप में कार्यरत हैं. बताया गया कि उन्होंने कम समय में अपनी कार्यकुशलता, सूझबूझ और तकनीकी दक्षता के माध्यम से मोर्शी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक पूरा किया. इस दौरान उन्होंने अपने कार्य के साथ-साथ अन्य बीएलओ और सुपरवाइजरों को भी आवश्यक सहयोग दिया.
* जरूरतमंद विद्यार्थियों को देते हैं नि:शुल्क मार्गदर्शन
शासकीय सेवा के साथ-साथ भूषण पावड़े सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहते हैं. कार्यालयीन समय के बाद वे ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद विद्यार्थियों को नि:शुल्क प्रतियोगी परीक्षा मार्गदर्शन देते हैं. उनके मार्गदर्शन से सैकड़ों विद्यार्थी विभिन्न शासकीय सेवाओं में चयनित होकर कार्यरत होने की जानकारी दी गई. सहकर्मियों और आम नागरिकों के बीच पावड़े के विनम्र व्यवहार और कार्य के प्रति तत्परता की सराहना की जाती है. उनकी कार्यक्षमता और काम पूरा करने की गति को भी उल्लेखनीय बताया जाता है. अपने सम्मान का श्रेय भूषण पावड़े ने सभी बीएलओ, सहायकों तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और सहयोग को दिया. उनके सम्मान पर नगर परिषद के अधिकारियों, कर्मचारियों और सहयोगियों ने उन्हें बधाई दी.

Back to top button