गाविलगढ़ और असदगढ़ किलों पर स्वच्छता अभियान

‘सारथी’ की पहल

* सीडबॉल के जरिए वृक्षारोपण
अमरावती/दि.12– मराठा, कुणबी और कुणबी-मराठा समाज के शैक्षणिक एवं सामाजिक विकास के लिए कार्यरत सारथी द्वारा राज्य के ऐतिहासिक किलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया. यह अभियान संस्था के व्यवस्थापकीय संचालक महेश पाटील की संकल्पना और राजर्षि छत्रपति शाहू महाराज की जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया. अभियान का उद्देश्य छत्रपति शिवाजी महाराज की दूरदर्शिता के प्रतीक ऐतिहासिक किलों का संरक्षण करना तथा शाहू महाराज के लोककल्याणकारी विचारों को आगे बढ़ाना था. अमरावती संभाग में गाविलगढ़ किला और असदगढ़ किला पर ‘सारथी’ के शोध छात्रवृत्ति प्राप्त विद्यार्थियों ने स्वच्छता अभियान चलाया.
गाविलगढ़ किले पर उप व्यवस्थापकीय संचालक सचिन शेजाल के मार्गदर्शन में शोधार्थियों और कर्मचारियों ने परिसर की सफाई की. इस दौरान विद्यार्थियों ने स्थानीय वृक्ष प्रजातियों के बीज, मिट्टी, गोबर और बाविस्टीन पाउडर से वैज्ञानिक तरीके से तैयार किए गए सीडबॉल भी चिखलदरा क्षेत्र में फैलाए. इसका उद्देश्य आगामी मानसून में अधिक से अधिक पौधों का प्राकृतिक रूप से विकास करना है. वहीं, असदगढ़ किले पर भी शोधार्थियों ने सफाई अभियान चलाकर ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण का संदेश दिया. संस्था ने नागरिकों से अपील की है कि वे महाराष्ट्र की ऐतिहासिक विरासत रहे किलों की स्वच्छता और पवित्रता बनाए रखने में सहयोग करें तथा उनके संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाएं. इस अभियान के माध्यम से राज्य के गढ़-किलों के ऐतिहासिक महत्व और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागृति का संदेश भी दिया गया.

Back to top button