संसद परिसर में कांग्रेस सांसदों का प्रदर्शन
एमएच-सीईटी पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग

नई दिल्ली/दि.31- देश की शिक्षा व्यवस्था में कथित भ्रष्टाचार, अव्यवस्था और पेपर लीक की घटनाओं के विरोध में कांग्रेस सांसदों ने शुक्रवार को संसद परिसर के मकर द्वार पर प्रदर्शन किया. इस आंदोलन में महाराष्ट्र के सांसद बलवंत वानखड़े सहित कांग्रेस के कई सांसद शामिल हुए.
प्रदर्शन के दौरान सांसदों ने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है और छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए. उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग उठाई. कांग्रेस सांसदों ने महाराष्ट्र में पिछले तीन वर्षों से एमएच-सीईटी इंजीनियरिंग परीक्षा के परिणामों और 12वीं बोर्ड परीक्षा के अंकों के बीच कथित बड़े अंतर का मुद्दा भी उठाया. उनका कहना था कि इस मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर उचित कार्रवाई हो सके. सांसदों ने यह भी कहा कि केवल पेपर लीक मामलों के लिए फास्ट ट्रैक अदालतों का प्रावधान पर्याप्त नहीं है. लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सरकार को ठोस, पारदर्शी और जवाबदेह निर्णय लेने चाहिए. प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्षता और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने की बात दोहराई.





