ठेकेदार ने नहीं दी मजदूरी, श्रमिक ले भागा विस्फोटक
नागपुर रेल स्टेशन पर पकडा गया

* आतंकवाद निरोधक दस्ते को भी किया गया अलर्ट
नागपुर /दि.3- वेकोली के ठेकेदार द्वारा समय पर वेतन न दिए जाने से गुस्साए मजदूर ने उसका सेलफोन और विस्फोटक चुरा लिए. जिंदा विस्फोटक लेकर यह श्रमिक एक्सप्रेस ट्रेन में चढ गया. चंद्रपुर से नागपुर आ रही ट्रेन से लकडगंज पुलिस ने न केवल श्रमिक को दबोचा, बल्कि जिंदा विस्फोटकों को भी सावधानी से नाकाम कर बडा हादसा टाल दिया. पकडे गए आरोपी का नाम राजेंद्र विश्वकर्मा है. वह छत्तीसगढ के खुरसातीपुर ग्राम का रहनेवाला है. घटना की गंभीरता को देखते हुए आतंकवाद निरोधक दस्ते को भी सूचित किया गया था. एटीएस की टीम मौके पर पहुंची और उचित कार्यवाही की.
पुलिस ने बताया कि, राजेंद्र ने चंद्रपुर में वेस्टर्न कोल फिल्ड की खदान में ठेकेदार के पास काम किया था, उसका वेतन ठेकेदार समय पर नहीं चुका सका. ऐसे में वह डिटोनेटर और सेलफोन ले भागा. सेलफोन के कारण उसके ट्रेन में सवार होने की जानकारी पुलिस को मिल गई और उस आधार पर आरोपी को ट्रेस कर एक्सप्रेस के नागपुर स्टेशन पहुंचते ही लकडगंज पुलिस ने उसे दबोचा. उससे 12 मीटर लंबा डिटोनेटर वायर जब्त किया गया. यह वायर काफी बडा विस्फोट करने की क्षमता रखता है.





