मनपा की समीक्षा बैठक में सांसद बोंडे और विधायक पोटे का प्रशासन पर सख्त रुख

कामकाज में सुधार के दिए निर्देश, ठेका कर्मचारियों, स्वच्छता, अतिक्रमण और विकास कार्यों पर अधिकारियों की ली खबर

अमरावती/दि.3 – महानगरपालिका के कामकाज की समीक्षा के लिए आज मनपा मुख्यालय में आयोजित बैठक में सांसद डॉ. अनिल बोंडे और विधायक प्रवीण पोटे पाटिल ने मनपा सहित विभिन्न महकमों के अधिकारियों को जमकर आड़े हाथ लिया. शहर के विकास कार्यों में हो रही देरी, नागरिक सुविधाओं की बदहाल स्थिति तथा विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली पर दोनों जनप्रतिनिधियों ने तीखी नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए. महानगरपालिका मुख्यालय में आयोजित इस समीक्षा बैठक में करीब 15 महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक के दौरान सांसद बोंडे और विधायक पोटे ने स्पष्ट कहा कि नागरिकों से जुड़े मामलों में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करें.
बैठक में आगामी गणेशोत्सव को देखते हुए राजापेठ-दस्तूरनगर मार्ग के निर्माण कार्य में तेजी लाने, शहर में अनावश्यक रूप से बनाए गए स्पीड ब्रेकरों की समीक्षा कर उन्हें हटाने तथा यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए गए. साथ ही मनपा मुख्यालय में महिला अधिकारी एवं कर्मचारियों के लिए पर्याप्त स्वच्छतागृह और सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया. समीक्षा बैठक में लंबे समय से कार्यरत ठेका कर्मचारियों के वेतन का विषय प्रमुखता से उठा. सांसद बोंडे और विधायक पोटे ने अधिकारियों से इस संबंध में विस्तृत जानकारी लेते हुए कर्मचारियों को समय पर और उचित वेतन उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए. कर्मचारियों से जुड़े लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने पर भी बल दिया गया.
* स्वास्थ्य अधिकारी पर कार्रवाई की मांगी जानकारी
बैठक में स्वास्थ्य विभाग के कामकाज की भी समीक्षा की गई. विशेष रूप से स्वास्थ्य अधिकारी अजय जाधव के खिलाफ की गई कार्रवाई और उससे संबंधित प्रगति रिपोर्ट पर चर्चा हुई. जनप्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करना आवश्यक है और किसी भी स्तर पर अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए.
* अतिक्रमण, हॉकर जोन और स्वच्छता पर नाराजगी
शहर में बढ़ते अतिक्रमण, अव्यवस्थित हॉकर जोन तथा स्वच्छता संबंधी शिकायतों पर भी जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी व्यक्त की. अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त करने, नियोजित हॉकर जोन विकसित करने और सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए.
* विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट तलब
बैठक में रेलवे स्टेशन चौक क्षेत्र, विवादित नाले पर की गई कार्रवाई, उड़ानपुलों से बहने वाले पानी की समस्या, मनपा के उद्यानों एवं खेल मैदानों की स्थिति, नगर निगम स्कूलों की व्यवस्था, शिवटेकड़ी क्षेत्र के विकास कार्य तथा केडिया नगर मार्ग निर्माण सहित कई विकास परियोजनाओं की समीक्षा की गई. सांसद बोंडे द्वारा पूर्व में सुझाए गए विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट भी अधिकारियों से मांगी गई.
* समयबद्ध कार्य संस्कृति अपनाने के निर्देश
बैठक के अंत में सांसद डॉ. अनिल बोंडे और विधायक प्रवीण पोटे पाटिल ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि नागरिक सुविधाओं से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा. सभी विभागों को समयबद्ध कार्यसंस्कृति अपनाने, जनता की शिकायतों का त्वरित निराकरण करने तथा विकास कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए. इस समय विधायक प्रवीण पोटे ने साफतौर पर कहा कि, अब ऐसी समिक्षा बैठक हर महिने होगी तथा अगले माह की बैठक में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस व जिला पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले भी ऑनलाईन तरीके से शामिल होंगे. जिसके चलते अधिकारियों ने अपने कामकाज में अभी से सुधार कर लेना चाहिए. साथ ही किसी भी तरह के राजनीतिक दबाव में आए बिना काम करना चाहिए. इस बैठक में अधिकारियों से कई मुद्दों पर स्पष्टीकरण भी मांगा गया, जिससे मनपा प्रशासन में पूरे दिन हलचल का माहौल बना रहा. अब सभी की नजर इस बात पर है कि समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों का पालन किस गति और गंभीरता से किया जाता है.

Back to top button