पार्षद मो. रेहान ने पकडी गुटखा तस्करी
12 बोरे गुटखे की खेप को किया गया बरामद

* मालवाहक वाहन सहित गुटखे की खेप पुलिस के हवाले
अमरावती/दि.28 – एमआईएम के मनपा पार्षद मो. रेहान उर्फ भल्ला द्वारा कल देर रात 1 बजे के आसपास स्थानीय गांधी चौक पर अपने कुछ साथिदारों के साथ मिलकर मालवाहक वाहन के जरिए हो रही गुटखा तस्करी को पकडा गया. जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस नियंत्रण कक्ष सहित सिटी कोतवाली पुलिस को दी गई. जिसके बाद कोतवाली पुलिस ने 12 बोरों में भरी पानपराग पान मसाला सहित अन्य कुछ ब्रांड वाले गुटखे की खेप को मालवाहक वाहन सहित अपने कब्जे में लिया. मामले में जांच जारी है.
इस संदर्भ में मिली जानकारी के मुताबिक एमआईएम पार्षद मो. रेहान उर्फ भल्ला अपने कुछ साथियों के साथ कल देर रात गांधी चौक परिसर में किसी काम के चलते खडे थे. तभी वहां से मालवाहक वाहन क्रमांक एमएच-30/बीडी-2556 बेहद तेज गति के साथ निकला. इस समय वाहन की गति इतनी अधिक थी कि, दो लोग उस तेजरफ्तार वाहन की चपेट में आते-आते बचे. यह नजारा देखते ही पार्षद मो. रेहान को उस वाहन के बारे में कुछ संदेह हुआ और उन्होंने उस वाहन का पीछा करते हुए उसे अंबादेवी मंदिर के पास वाले रास्ते पर रुकवाया तथा ड्राईवर से पूछताछ करते हुए वाहन की तलाशी ली, तो पता चला कि, वाहन में 12 बोरे लदे हुए है. जिनमें गुटखे की खेप भरी हुई है. साथ ही साथ वाहन चालक ने पूछताछ में बताया कि, यह पूरा माल इतवारा बाजार में जे. बी. पान मटेरियल नामक प्रतिष्ठान चलानेवाले शेख जुनेद शेख जब्बार (धर्मकाटा) तथा उसके ममेरे भाई अमीन (बडनेरा) का है. जो हमेशा ही अपने प्रतिष्ठान से गुटखा बिक्री करते है और गुटखा तस्करी का काम भी करते है.
इस समय पार्षद मो. रेहान उर्फ भल्ला ने तुरंत ही पुलिस कंट्रोल रुम को फोन लगाते हुए इस पूरे मामले की सूचना दी. जिसके बाद सिटी कोतवाली पुलिस का दल मौके पर पहुंचा. इस समय तक मालवाहक वाहन का चालक मौका पाकर वहां से भाग निकला था. पश्चात पुलिस ने मालवाहक वाहन सहित गुटखे की खेप को अपने कब्जे में लिया. इस समय पार्षद मो. रेहान के साथ शेख रिजवान, तौसीफ खान, मो. इजहार, शेख नवेद व मो. साजीद आदि कार्यकर्ता भी उपस्थित थे. कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है.





