नाशिक, अमरावती के बाद कोल्हापुर में अश्लील वीडियो कांड!
15 से ज्यादा युवतियों के साथ यौन अत्याचार, फिर वीडियो बनाए

कोल्हापुर./दि.28 – नाशिक के भोंदूबाबा अशोक खरात मामले में रोज नए खुलासे हो रहे हैं. नाशिक के बाद अमरावती के परतवाडा में अयान मामले ने महाराष्ट्र की नींद उड़ा दी. अब कोल्हापुर में भी ऐसा ही मामला सामने आने से राज्य में हड़कंप मच गया है. शाहिद सनदे नाम के एक युवक को कोल्हापुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, हातकणंगले तालुका के पुलाची शिरोली इलाके में शाहिद सनदे नाम के इस आरोपी ने करीब 15 लड़कियों को अपने प्रेम जाल में फंसाया. इतना ही नहीं, उनके साथ यौन अत्याचार कर वीडियो बनाए और दोस्तों को भेजे. घटना सामने आने के बाद शहर में सनसनी फैल गई है.
* ऐसे सामने आया मामला!
राजारामपुरी पुलिस थाने में एक पीड़ित लड़की ने आकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. आरोपी लड़कियों को लॉज पर ले जाता था. वहां अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करता था. इसके बाद बदनामी की धमकी देकर वह लगातार उनका शारीरिक और मानसिक शोषण करता था, ऐसा आरोप है. आरोपी सोशल मीडिया पर 18 से 22 साल की युवतियों से दोस्ती कर उन्हें प्रेम जाल में फंसाता था.
राजारामपुरी पुलिस स्टेशन में 20 वर्षीय पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शाहिद समीर सनदी नाम के 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया. शाहिद फार्मेसी की पढ़ाई कर रहा है और अदालत ने उसे 4 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है. जांच में शिरोली, हुपरी और हातकणंगले इलाके की कई अन्य युवतियों के भी इस जाल में फंसने की आशंका जताई जा रही है.
कोल्हापुर पुलिस ने जानकारी दी है कि शाहिद सनदे ने कई युवतियों के साथ अत्याचार कर उनके वीडियो बनाने की बात कबूल की है. उसका एक साथी, जो वीडियो बनाता था, फरार है और उसके पास अन्य युवतियों के वीडियो होने की आशंका है. इस मामले में पुलिस तेजी से जांच कर रही है. इस घटना से पूरे कोल्हापुर जिले में हड़कंप मच गया है. इस बीच, आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग हिंदू और मुस्लिम समाज दोनों की ओर से की गई है. घटना के विरोध में पुलाची शिरोली गांव आज बंद रखा गया है.





