प्री-वेडिंग शूट के बाद बीमार हुई युवती की मौत

3 मई को होना था विवाह

बुलढाणा/दि.28 – शादी तय होने के बाद दोनों ने अपने नए जीवन के सपने सजाने शुरू कर दिए थे. लेकिन प्री-वेडिंग के बाद बीमार हुई युवती की आठ दिन बाद इलाज के दौरान मौत हो गई. 3 मई को शादी होनी थी. यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना वाशीम जिले के एक गांव में हुई.
* आखिर क्या हुआ?
मेहकर तालुका के डोणगांव के पास एक गांव के युवक और वाशीम जिले के एक गांव की युवती की शादी तय हुई थी. 3 मई को विवाह का मुहूर्त तय किया गया था. शादी के लिए सोने-चांदी के गहने और कपड़ों की खरीदारी करने के लिए युवक ने नई चारपहिया गाड़ी खरीदी थी. शादी की तैयारियां धूमधाम से की जा रही थीं. दूसरी ओर शादी को यादगार बनाने के लिए प्री-वेडिंग शूट करने का निर्णय लिया गया. युवक का कृषि केंद्र का व्यवसाय होने के कारण प्री-वेडिंग शूट भी खेती से जुड़ा रखने की योजना बनाई गई.
* 16 अप्रैल को हुआ शूट
दूल्हा-दुल्हन ने किसान के रूप में प्री-वेडिंग शूट करने का फैसला किया. डोणगांव के पास एक प्राकृतिक और जंगल क्षेत्र में 16 अप्रैल को शूट किया गया. उसी दिन घर लौटने के बाद युवती बीमार पड़ गई. शुरुआत में गांव में ही इलाज किया गया. बाद में शिरपुर, वाशीम और अकोला में इलाज कराने के बावजूद हालत में सुधार नहीं हुआ, इसलिए अंत में उसे छत्रपति संभाजीनगर ले जाया गया. 23 अप्रैल को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
* मौत का कारण क्या?
हाल ही में तापमान में वृद्धि हुई है. एसी गाड़ी की ठंडक और फिर प्री-वेडिंग शूट के लिए तेज धूप में बाहर जाने के कारण लू लगने से मौत होने की संभावना जताई जा रही है. इस घटना से गांव में शोक की लहर है.

Back to top button