अचलपुर जिला निर्मिती की मांग फिर विधानसभा में

विधायक प्रवीण तायडे ने उपस्थित किया मुद्दा

अमरावती /दि.25– अचलपुर जिला निर्मिती की लंबे समय से चलती आ रही मांग बुधवार को फिर से एक बार महाराष्ट्र विधानसभा में उपस्थित की गई. विधायक प्रवीण तायडे ने औचित्य के इस मुद्दे के जरिए अचलपुर को स्वतंत्र जिले का दर्जा देने की मांग करते हुए शासन द्वारा इस बाबत तत्काल निर्णय लेने का अनुरोध किया.
इस अवसर पर बोलते हुए विधायक प्रवीण तायडे ने कहा कि, अचलपुर जिला निर्मिती की मांग पिछले 25 से 30 साल से प्रलंबित है. साथ ही यह प्रस्ताव पिछले 12 साल से राजस्व विभाग के पास प्रलंबित रहने की बात उन्होंने सभागृह के प्रकाश में लाकर दी. अचलपुर को स्वतंत्र जिले का दर्जा मिला, तो परिसर के किसान, व्यापारी, विद्यार्थी और आम नागरिकों का जीवन उंचा उठने में सहायता होगी. साथ ही प्रशासकीय यंत्रणा नागरिकों के अधिक निकट पहुंचेगी, ऐसा दावा उन्होंने किया. अचलपुर में जिला मुख्यालय के आवश्यक प्रशासकीय रचना में से करीबन 70 प्रतिशत सुविधा उपलब्ध है. जिला निर्मिती के लिए शासन पर ज्यादा अतिरिक्त बोझ नहीं पडेगा, ऐसा भी उन्होंने इस अवसर पर विशेष रुप से दर्ज किया. स्वतंत्र जिला होने पर जिला नियोजन समिति की निधि से पर्यटन स्थल, तीर्थक्षेत्र, मूलभूत सुविधा और अन्य विकास कामों को गति मिलेगी. इस कारण प्रलंबित रहा अचलपुर जिला निर्मिती का प्रस्ताव तत्काल मंजूर करने की मांग विधायक प्रवीण तायडे ने सभागृह में की.

Back to top button