केंद्रीय मंत्री अमित शाह को डेप्यूटी सीएम सुनेत्रा पवार ने बांधी राखी
मुंबई विमानतल पर दिखा भावनात्मक माहौल

* शाह को ‘लाडकी बहनों’ की ओर से दिया स्नेह का संदेश
मुंबई /दि.29- केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के शनिवार को मुंबई आगमन पर उनका भव्य स्वागत किया गया. मुंबई हवाई अड्डे पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार तथा राज्य सरकार के कई मंत्री और वरिष्ठ पदाधिकारी उनका स्वागत करने के लिए उपस्थित रहे. इस अवसर पर एक भावनात्मक दृश्य भी देखने को मिला, जब उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने महाराष्ट्र की ‘लाडकी बहनों’ की ओर से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं. इस आत्मीय और प्रतीकात्मक पहल ने स्वागत समारोह को विशेष भावनात्मक स्वर प्रदान किया.
राखी बांधने के बाद सुनेत्रा पवार ने कहा कि महाराष्ट्र की बहनों की ओर से व्यक्त किया गया यह स्नेह, सम्मान और विश्वास का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित तथा महाराष्ट्र के विकास के लिए अमित शाह का मार्गदर्शन और सहयोग हमेशा प्रेरणादायी रहा है. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से महाराष्ट्र के विकास को और गति मिलेगी तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सकेगा.
मुंबई हवाई अड्डे पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम के दौरान भाजपा और महायुति के कई नेता तथा कार्यकर्ता भी मौजूद थे. अमित शाह के स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की गई थीं. नेताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया. रक्षाबंधन के अवसर पर सुनेत्रा पवार द्वारा राखी बांधे जाने की घटना पूरे कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही. उपस्थित लोगों ने इसे भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के साथ-साथ सामाजिक सद्भाव और आपसी विश्वास का प्रतीक बताया.
गौरतलब है कि रक्षाबंधन के अवसर पर हाल ही में सुनेत्रा पवार ने अपने सार्वजनिक संदेश में कहा था कि लाडकी बहनों के लाडले भाई अजीत पवार आज हमारे बीच नहीं हैं, यह भावना अत्यंत पीड़ादायक है. उन्होंने उस समय उपमुख्यमंत्री अजित पवार की कार्यशैली, समय की पाबंदी और विकास कार्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का उल्लेख करते हुए उन्हें प्रेरणास्रोत बताया था. उन्होंने कहा था कि देर रात तक दौरे और बैठकों के बावजूद अगली सुबह विकास कार्यों की समीक्षा के लिए सक्रिय रहना अजित पवार की विशेष कार्यशैली है, जो उन्हें हमेशा प्रेरित करती है. इस अवसर पर उपस्थित सभी मान्यवरों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का महाराष्ट्र में स्वागत करते हुए उनके सफल दौरे की शुभकामनाएं दीं.





