बड़े सपने देखें और उन्हें पूरा करने के लिए मेहनत करें
शिवसेना उबाठा विधायक गजानन लवटे का प्रतिपादन

* विदर्भ खटीक समाज सेवा समिति द्वारा मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
अमरावती /दि.30- विदर्भ खटीक समाज सेवा समिति की ओर से कक्षा 10वीं और 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले युवाओं का सम्मान समारोह यशोदानगर स्थित सखा मंगलम सभागार में आयोजित किया गया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं उद्घाटक दर्यापुर-अंजनगांव सुर्जी विधानसभा क्षेत्र के विधायक गजानन लवटे ने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए दृढ़ संकल्प के साथ मेहनत करने का आह्वान किया.
कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष सुधीरराव लसनकर ने की. प्रमुख अतिथियों में पूर्व अधिष्ठाता डॉ. के. वाय. विल्हेकर, महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल के प्रादेशिक प्रबंधक रोहन पलंगे, करियर मार्गदर्शक दिलीप सोलंके, माइक्रोसॉफ्ट के वरिष्ठ सॉफ्टवेयर इंजीनियर अजय माकोड तथा शिवसेना नेता बबनराव विल्हेकर उपस्थित थे. विधायक लवटे ने कहा कि शिक्षा समाज की प्रगति का सबसे बड़ा माध्यम है. समाज के युवा विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का परिचय देकर उच्च पदों पर पहुंच रहे हैं, जो गर्व की बात है. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी रुचि के अनुसार करियर चुनना चाहिए और अभिभावकों को अपनी इच्छाएं बच्चों पर नहीं थोपनी चाहिए. जीवन में ईमानदारी और निरंतर परिश्रम सफलता की कुंजी है.
कार्यक्रम की शुरुआत संत गाडगेबाबा और सावित्रीबाई फुले के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुई. इस अवसर पर 10वीं और 12वीं में 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों का सम्मान किया गया. साथ ही बीडीएस की डिग्री प्राप्त करने वाली प्राची जितेंद्र रावेकर (नागपुर), इंजीनियरिंग में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त करने वाले कुणाल प्रमोद हरणे, आईआईएम के एमबीए पाठ्यक्रम के लिए चयनित वेदांत राऊलकर (नागपुर), अमित अविनाशराव हिरेकर, इंडियन नेशनल फैशन फेस्टिवल अवॉर्ड में रनवे मॉडल के रूप में सम्मानित पुष्करा अरविंद मदने (काटोल), पीएचडी उपाधि प्राप्त डॉ. स्वप्नील विजयराव मंडवे (येवदा), डॉ. योगेश सुभाषराव कंटाले, डॉ. मिनल अरविंद घोलपे, डॉ. सौरभ विनायकराव लवाटे तथा अक्षय राजा लोयटे को भी प्रमाणपत्र, स्मृति-चिह्न और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया.
समिति के सभागार निर्माण के लिए 51 हजार रुपये का सहयोग देने पर अचलपुर निवासी गणेशराव नामदेवराव लवटे एवं उनकी धर्मपत्नी का भी विशेष सम्मान किया गया. इस अवसर पर दिलीप सोलंके, रोहन पलंगे, डॉ. के. वाय. विल्हेकर और इंजीनियर अजय माकोड ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया. अध्यक्षीय संबोधन समिति अध्यक्ष सुधीर लसनकर ने दिया. कार्यक्रम का संचालन गोपाल हरणे, प्रस्तावना राजाभाऊ लोयटे तथा आभार प्रदर्शन अविनाश हिरेकर ने किया. समारोह में अमरावती के अलावा नागपुर, काटोल, अकोला और यवतमाल से बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक एवं समाजबंधु उपस्थित रहे. समिति के पदाधिकारियों, महिला प्रतिनिधियों और यंग ब्रिगेड के सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया.