पशुओ को चरने के लिए छोडते समय चक्कर आने से किसान की मौत
एक दिन पहले भीषण गर्मी के कारण हुआ था बीमार

दर्यापुर/दि.28- तहसील के सामदा गांव निवासी ज्ञानदेव देवीदास चोरपगार (60) की लू लगने (हीट स्ट्रोक) से दुखद मृत्यु होने सकी घटना सामने आई हैं.
जानकारी के मुताबिक चोरपगार अपने मालिक के गोठे से पशुओं को चरने के लिए छोड रहे थे, तभी अचानक उन्हें चक्कर आया और वे नीचे गिर पडे. बताया जा रहा हैं कि एक दिन पहले की तेज गर्मी का असर उनके शरीर पर पडा था और अगले दिन सुबह चक्कर आने के कारण उनकी तबीयत बिगड गई. घटना के बाद परिजनों ने उन्हें तत्काल उपचार हेतु दर्यापुर स्थित उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें आगे के इलाज के लिए रेफर कर दिया. लेकिन इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई. इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर हैं. ज्ञानदेव चोरपगार मेहनती किसान के रूप में पहचाने जाते थे. उनके अचानक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड टूट पडा हैं. मामले की आगे की जांच स्थानीय प्रशासन द्बारा की जा रही हैं. इस बीच सामाजिक कार्यकर्ता तथा भारिप बहुजन महासंघ के प्रभाकर चोरपगार ने आरोप लगाया है कि सामदा गांव के उपस्वास्थ्य केंद्र पर कर्मचारी उपलब्ध नहीं होने के कारण वहां इलाज संभव नहीं हो सका.





