चौथी छात्रा भी मरणासन्न

ब्रेन सर्जरी के बाद भी हालत गंभीर

* गडचिरोली आश्रमशाला सर्पदंश केस
नागपुर /दि.14- गडचिरोली जिले के जपतलाई आश्रम शाला में पिछले मंगलवार हुए भयंकर सर्पदंश प्रकरण में पीडित छात्रा का यहां नागपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सोमवार को मस्तिष्क का ऑपरेशन किया गया. इसके बावजूद उसकी दशा चिंताजनक बताई जा रही है. अभी भी छात्रा वेंटीलेटर पर होने की जानकारी देते हुए डॉक्टर्स ने बताया गया कि जब तक वेंटिलेटर हटाने की स्थिति नहीं बनती, तब तक कुछ भी कहना संभव नहीं है.
उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताह हुई भयंकर दुर्घटना में तीन छात्राओं की मौत सांप के डसने से हुई थी. तीन अन्य छात्राएं बुरी तरह अचेत हो गई थी. उनमें से दो छात्राओं को उपचार पश्चात अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. एक छात्रा समृध्दि नेताम का उपचार नागपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है. 14 साल की समृध्दि की बहुत ही जटिल मस्तिष्क सर्जरी किए जाने की जानकारी डॉक्टर मनीष तिवारी ने दी. वे मेडिकल कॉलेज के बालरोग विभाग के अध्यक्ष है. उन्होंने बताया कि समृध्दि का ऑपरेशन तीन घंटे चला. वह अभी वेंटिलेटर पर है. डॉक्टर्स का दल उसकी सतत निगरानी कर रहा है. सभी प्रकार की मेडिकल ट्रीटमेंट की जा रही है.
उल्लेखनीय है कि समृध्दि को अत्यंत गंभीर हालत में गडचिरोली अस्पताल से नागपुर मेडिकल कॉलेज विशेष उपकरणों से युक्त एम्बुलेंस से लाया गया. सांप के जहर से उसके मस्तिष्क में थक्का हो गया था. जिससे उसे सांस लेने में भी परेशानी हो रही थी. सर्जरी के बाद भी उसकी दशा नाजुक बनी हुई है.

Back to top button