मोर्शी उपजिला अस्पताल में गांधी-शास्त्री जयंती मनाई
तंबाकू मुक्त रहने की दिलाई शपथ, मरीजों को दुष्परिणामों की दी जानकारी

मोर्शी /दि.2- राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को शासकीय उपजिला अस्पताल, मोर्शी में कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस अवसर पर दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं का पूजन अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रमोद पोतदार ने किया.
कार्यक्रम में अस्पताल के सभी चिकित्सा अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे. इस दौरान राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत तंबाकू मुक्त रहने की शपथ दिलाई गई. इसके अलावा अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले तथा भर्ती सभी मरीजों को तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी दी गई. मरीजों को तंबाकू से दूर रहने तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया.





