सोलापुर में ढोंगीबाबा मनोहर भोसले को 3 दिन की पुलिस हिरासत

आर्थिक ठगी मामले में साथी समेत कार्रवाई

सोलापुर/दि.25- महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में कथित ढोंगी बाबा मनोहर भोसले के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. व्यवसाय में तरक्की का लालच देकर एक युवक से आर्थिक ठगी करने के आरोप में मनोहर भोसले और उसके साथी विशाल वाघमारे को गिरफ्तार किया गया है. दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किए जाने के बाद न्यायालय ने तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है. इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है.
कुर्डूवाडी क्षेत्र में सामने आए इस मामले में आरोप है कि मनोहर भोसले और उसके सहयोगी विशाल वाघमारे ने एक युवक को व्यवसाय में तेज प्रगति और आर्थिक लाभ का झांसा देकर उससे बड़ी रकम ठग ली. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, आरोपी कथित धार्मिक प्रभाव, तंत्र-मंत्र और चमत्कार का सहारा लेकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे. व्यवसाय, बीमारी और निजी समस्याओं का समाधान बताकर लोगों से पैसे वसूले जाते थे.
दोनों आरोपियों को माढा दीवानी एवं फौजदारी न्यायालय में पेश किया गया. बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता सुभाष हल्यालकर ने दलील दी कि गिरफ्तारी प्रक्रिया नियमों के अनुरूप नहीं हुई और जिन धाराओं में मामला दर्ज है, उनमें पहले नोटिस देकर कार्रवाई की जानी चाहिए थी. वहीं सरकारी पक्ष की ओर से जिला सरकारी वकील एडवोकेट प्रदीपसिंह राजपूत ने अदालत को बताया कि मनोहर भोसले आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं. ऐसे में मामले की गहराई से जांच और अन्य पीड़ितों की जानकारी जुटाने के लिए पुलिस हिरासत आवश्यक है. दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद न्यायालय ने मनोहर भोसले और विशाल वाघमारे को तीन दिन की पुलिस कस्टडी में भेजने का आदेश दिया.
बता दें कि, पुलिस जांच के दौरान मनोहर भोसले को पुणे के मांजरी क्षेत्र से हिरासत में लिया गया. उसके खिलाफ कुर्डूवाडी पुलिस थाने में ठगी, अंधविश्वास फैलाने और जादूटोना जैसे आरोपों में मामला दर्ज है. पुलिस अब उसके आर्थिक लेन-देन, संपर्कों और संभावित अन्य पीड़ितों की जानकारी जुटाने में लगी है.
* 27 एकड़ में फैला आलीशान आश्रम जांच के घेरे में
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि मनोहर भोसले का सोलापुर जिले के करमाला तालुका के घोटी क्षेत्र में करीब 27 एकड़ में फैला एक आलीशान आश्रम है. इस आश्रम में अमावस्या के दिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचते थे. बताया जा रहा है कि बाबा से मुलाकात के लिए 11 हजार रुपये तक लिए जाते थे. पुलिस अब इस आश्रम की गतिविधियों, वहां होने वाले कथित अनुष्ठानों, आर्थिक लेन-देन और आने-जाने वालों की भी जांच कर रही है.
* कौन है मनोहर भोसले?
मनोहर भोसले मूल रूप से इंदापुर तालुका के लासुर्णे गांव का रहने वाला बताया जाता है. शुरुआती जीवन में वह सामान्य कामकाज कर जीवन यापन करता था. बाद में उसने खुद को धार्मिक शक्तियों से संपन्न बताना शुरू किया और दावा किया कि उसे संतों का आशीर्वाद प्राप्त है. इसके बाद उसने अपना प्रभाव बढ़ाया और कथित चमत्कार, रोग निवारण और तांत्रिक उपायों के नाम पर लोगों को प्रभावित करना शुरू किया. धीरे-धीरे उसने एक बड़ा अनुयायी वर्ग तैयार कर लिया.
* पहले भी दर्ज हैं कई मामले
मनोहर भोसले के खिलाफ पहले भी कई गंभीर मामले दर्ज हो चुके हैं. उस पर महिला उत्पीड़न, आर्थिक ठगी, झाड़-फूंक के नाम पर धोखाधड़ी और बीमारी ठीक करने के नाम पर पैसे वसूलने जैसे आरोप लग चुके हैं. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, महिला उत्पीड़न का मामला सोलापुर में दर्ज है. कैंसर ठीक करने के नाम पर ठगी का मामला बारामती में दर्ज है. रीढ़ की बीमारी ठीक करने के नाम पर धोखाधड़ी का मामला दौंड में दर्ज है. वर्ष 2021 में भी उसके खिलाफ कई प्रकरण सामने आए थे. इसके बावजूद वह कथित तौर पर अपनी गतिविधियां जारी रखे हुए था.
अन्य पीड़ितों के सामने आने की संभावना
पुलिस को आशंका है कि मनोहर भोसले के खिलाफ और भी कई पीड़ित सामने आ सकते हैं. इसलिए पुलिस उसकी वित्तीय गतिविधियों, आश्रम संचालन और नेटवर्क की गहन जांच कर रही है. इस पूरे प्रकरण के सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और नागरिकों ने ऐसे ढोंगी बाबाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है.

Back to top button