नांदगांव पेठ में बंद फैक्टरी से उडाया 37 लाख का माल
चोरी की घटनाएं बढी, उद्यमियों में चिंता

* श्याम इंडो फैब में मशनरी के महत्वपूर्ण पार्ट्स चुरा ले गए
* नांदगांव पेठ पुलिस ने सरगर्मी से शुरु की जांच-पडताल
अमरावती/दि.22 – नांदगांव पेठ एमआईडीसी स्थित श्याम इंडो फैब कंपनी के टी-1 प्लॉट से अनेक मशीने, कॉम्प्युटर, ड्रायर सहित 37 लाख का माल अज्ञात तत्वों ने पार कर दिया. शिकायत के अनुसार यह चोरी गत 16-17 जुलाई की रात को हुई. पुलिस ने कंपनी के जगदीशकुमार पारुलकर की शिकायत पर अपराध दर्ज कर सरगर्मी से चोरों की तलाश प्रारंभ की है. उपनिरीक्षक नितिन करंडे और टीम जांच-पडताल कर रही है. कंपनी 3-4 वर्ष से बंद पडी है. ऐसे में अज्ञात तत्वों ने गत सप्ताह चोरी को अंजाम दिया और कीमती मशीनों के महत्वपूर्ण पार्ट्स गायब कर दिए. सुरक्षा गार्ड के ध्यान में चोरी की बात आते ही मालिक जगदीशकुमार को सूचित किया. उन्होंने रायपुर से यहां आकर पुलिस में चोरी की शिकायत दी.
जानकारी के अनुसार चोरी गए माल में सर्क्युलर रिंटींग मशीन 9 नग, सेंटेक्स ड्रायर एक नग, लाफेर कॉम्प्युटर, बैनको कॉम्पैक्टर, स्टेनर एक नग, ग्रे ओपनिंग मशीन एक नग आदि कुल मिलाकर 37 लाख की सामग्री का समावेश है. सर्क्युलर रिटींग मशीने ही 10 लाख और ड्रायर मशीने 10 लाख की होने की जानकारी शिकायत में दी गई है. शिकायत में कहा गया कि, कंपनी में घुसकर अज्ञात चोरों ने उपरोक्त सामग्री पार कर दी.
फॉरेन्सिक और अन्य टीम पहुंची जांच में
उपनिरीक्षक नितिन करंडे ने अमरावती मंडल को बताया कि, लाखों की चोरी की तहकीकात सरगर्मी से की जा रही है. आज भी बारिश के बावजूद फॉरेन्सिक और अंगूली विशेषज्ञ का दल लेकर वे घटनास्थल पहुंचे हैं. चोरों का सुराग पाने का पुलिस का प्रयास है. वहां आने-जानेवाले सभी लोगों की जांच की जा रही है.
* उद्यमियों में खलबली
नांदगांव पेठ एमआईडीसी से इस प्रकार कंपनी के मशीने चोरी चले जाने से उद्योग जगत में खलबली मची है. उद्यमियों ने पुलिस से चोरी के आरोपियों को तत्काल दबोचे जाने और सामग्री बरामद करने की अपेक्षा व्यक्त की है. उद्यमियों का कहना है कि, छीटपूट चोरियां तो आए दिन होती रहती है. इस प्रकार कंपनी से सभी मशीने चोरी चला जाना बताता है कि, चोरों के हौसले बुलंद है.





