वाशिम में तीन माह दौरान 1.13 करोड़ रुपये का गुटखा जब्त

गुटखा माफिया के खिलाफ सतत कार्रवाई कर रहा एफडीए

वाशिम/दि.22 – जिले में प्रतिबंधित गुटखा बिक्री और खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ अन्न एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने पिछले तीन महीनों में व्यापक अभियान चलाया है. इस दौरान विभाग ने विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 1 करोड़ 13 लाख रुपये मूल्य का प्रतिबंधित गुटखा जब्त किया है. साथ ही कई खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है.
एफडीए अधिकारियों के अनुसार वाशिम जिले में गुटखा बिक्री और भंडारण के खिलाफ अब तक 12 छापामार कार्रवाइयां की जा चुकी हैं. इनमें रिसोड़ क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान करीब 5 लाख रुपये का प्रतिबंधित गुटखा जब्त किया गया, जबकि कारंजा में हुई बड़ी कार्रवाई में 1 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का गुटखा बरामद हुआ. प्रशासन ने बताया कि प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं. कारंजा प्रकरण में आरोपियों पर गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए मोक्का कानून के प्रावधान भी लागू किए गए हैं.
एफडीए ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा और जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी. जिलेभर में मिलावटी खाद्य पदार्थों और प्रतिबंधित गुटखा कारोबार के खिलाफ जांच एवं छापेमारी अभियान आगे भी जारी रहेगा. अधिकारियों ने नागरिकों से भी संदिग्ध खाद्य पदार्थों और गुटखा बिक्री की जानकारी प्रशासन को देने की अपील की है.

Back to top button