एसटी बस-स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर

4 लोगों की मौके पर ही मौत, 4 घायल

* मुरबाड-मालशेज घाट मार्ग पर वैशाखरे की घटना
ठाणे /दि.5- एसटी बस और स्कॉर्पियो की आमने-सामने हुई एक टक्कर में 4 यात्रियों की मौके पर ही मौत होने की घटना मंगलवार सुबह मुरबाड -मालशेज घाट मार्ग पर वैशाखरे मोड़ पर हुई है. इस घटना में 4 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें से कुछ की हालत चिंताजनक है. इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है.
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, विट्ठलवाड़ी डिपो की एक बस मंगलवार सुबह करीब 8.30 बजे कल्याण से अहिल्यानगर की ओर निकली थी. यह बस जैसे ही मुरबाड तालुका की टोकावडे – वैशाखरे सीमा पर पहुंची, विपरीत दिशा से आ रही स्कॉर्पियो के साथ उसकी जोरदार टक्कर हो गई. इसमें स्कॉर्पियो सवार 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में 2 बच्चे शामिल हैं. उनका नजदीकी अस्पताल में इलाज चल रहा है. इस दुर्घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव और राहत कार्य शुरू किया.

Back to top button