अवैध संबंधों में बाधा बने पति को पहुंचाया यमलोक
पत्नी और प्रेमी की साजिश उजागर

नागपुर/दि.17 – अवैध संबंधों के कारण पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को पहले जमकर शराब पिलाई, फिर लोहे की रॉड से सिर पर वार कर ओढनी से मुंह-नाक दबाकर निर्मम हत्या कर दी. वारदात को दुर्घटना का रूप देने के लिए शव को सडक किनारे बिजली के खंबे के पास फेंक दिया था. यह वारदात एमआयडीसी थाना अंतर्गत गजानन नगर हिंगणा में उजागर होने की जानकारी पुलिस ने दी. आरोपी प्रेमी आशीष अग्निहोत्री को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई पुलिस कर रही है.
पुलिस ने बताया कि हिंगणा रोड निवासी सुधीर महेन्द्र प्रसाद द्बिवेदी (33) का शव पिछले 10 अगस्त को संदिग्ध अवस्था में बिजली के खंबे के पास पडा मिला. मृतक के छोटे भाई सुखेन्द्र कुमार द्बिवेदी की शिकायत पर एमआयडीसी पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का केस दर्ज कर तहकीकात आरंभ की. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि सुधीर द्बिवेदी की हत्या हुई है. इसके बाद गहराई से जांच शुरू की गई. जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी पूजा द्बिवेदी (22) के सुधीर के मित्र आशीष नरेश अग्निहोत्री (29) से प्रेम संबंध थे. पुुलिस तहकीकात में उजागर हुआ कि वारदात के बाद दोनों आरोपियों पूजा और आशीष ने अपने पुराने सीम कार्ड बंद कर दिए. नये सीम कार्ड का उपयोग कर रहे थे.
कडी पूछताछ में आरोपियों का षडयंत्र का पर्दाफाश हो गया. आरोपी ने पुलिस पूछताछ में पूरा वाकया बतलाया. योजना के अनुसार आरोपियों ने सुधीर को घर पर काफी शराब पिलाई. जब वह नशे में बेसुध हो गया तो लोहे की रॉड से उसके माथे पर जोरदार प्रहार किया गया. उसके बाद ओढनी से मुंह और नाक दबाकर उसे यमलोक पहुंचा दिया. सबूत मिटाने शव को राजीव नगर रोड पर फेंक दिया. पास में शराब की आधी भरी बोतल भी रख दी.
उप निरीक्षक सागर गायकवाड की शिकायत पर पीएसआय अक्षय गवांदे ने दोनों आरोपियों के विरूध्द बीएनएस की धारा 103 (1)ृ, 61,3 (5) के तहत हत्या और षडयंत्र का केस दर्ज किया है.