प्रेरणादायी सत्र में विद्यार्थियों को दिया ‘कभी हार न मानने’ का संदेश

प्रा. राम मेघे कॉलेज व विद्युत अभियांत्रिकी विभाग का आयोजन

अमरावती/दि.20– विदर्भ यूथ वेलफेयर सोसायटी संचालित प्रा. राम मेघे अभियांत्रिकी व व्यवस्थापन महाविद्यालय, बडनेरा-अमरावती के विद्युत अभियांत्रिकी विभाग की ओर से 3 अगस्त को ‘नेव्हर गिव्ह अप’ (कभी हार न मानें) विषय पर प्रेरणादायी सत्र का आयोजन किया गया.
विद्युत अभियांत्रिकी विद्यार्थी संगठना (ईईएसए) की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध प्रेरणादायी वक्ता, व्यावसायिक मार्गदर्शक एवं उद्योजकता प्रशिक्षक सुमित उरकुडकर ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया. उन्होंने अपने प्रत्यक्ष अनुभवों के माध्यम से विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, दृढ़ता और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि शैक्षणिक एवं व्यावसायिक जीवन में आने वाली चुनौतियों से घबराने के बजाय उनका सामना करते हुए लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ना चाहिए.
संवादात्मक सत्र के दौरान विद्यार्थियों को जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में चुनौतियों पर मात कर उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित किया गया. इसके बाद पिछले शैक्षणिक वर्ष में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं के लिए पुरस्कार वितरण समारोह हुआ. पोस्टर, रंगोली, प्रोजेक्ट एवं फोटोग्राफी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए. इस अवसर पर विद्यार्थियों की रचनात्मकता, तकनीकी कौशल और उत्साह का सम्मान करते हुए उन्हें सह-पाठ्यक्रम एवं अन्य गतिविधियों में अधिक सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया गया.
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय पी. ठाकरे, उपप्राचार्य प्रा. प्रवीण वी. खंडवे, विद्युत अभियांत्रिकी विभागाध्यक्ष डॉ. अमित वी. मोहोड सहित प्राध्यापक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे. कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन किया गया. संस्था के अध्यक्ष डॉ. नितीन धांडे, उपाध्यक्ष एड. उदय देशमुख, कोषाध्यक्ष प्रा. डॉ. हेमंत देशमुख, सचिव युवराजसिंग चौधरी, सदस्य नितीन हिवसे, डॉ. पूनम चौधरी, पंकज देशमुख, प्रा. विनय गोहाड तथा प्रा. गजानन काले ने कार्यक्रम की सराहना की. प्रेरणादायी सत्र विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प जगाने वाला साबित हुआ.

Back to top button