नाबालिग युवक से चोरी की दो मोटरसाइकिलें और मंदिर की दानपेटी से चोरी की रकम बरामद
84,500 रुपए के माल की चोरी के दो मामलों का खुलासा

* परतवाड़ा पुलिस की डीबी स्क्वॉड की कार्रवाई
परतवाड़ा /दि.20 – अचलपुर तहसील के देवमाली स्थित केदार नगर में मोटरसाइकिल चोरी और मंदिर की दानपेटी से रकम चोरी के मामले का परतवाड़ा पुलिस की डीबी दल ने पर्दाफाश किया है. पुलिस ने एक नाबालिग युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद चोरी की दो मोटरसाइकिलें और मंदिर से चोरी की गई रकम बरामद की गई. पुलिस ने चोरी के दो मामलें उजागर किये है.
जानकारी के मुताबिक 19 अगस्त को केदार नगर, देवमाली निवासी श्रीकृष्ण बाबूराव पोटे ने परतवाड़ा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने बताया कि 18 अगस्त की रात करीब 11 बजे खेत से लौटने के बाद उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल घर के सामने खड़ी की और सो गए. सुबह करीब 7 बजे उठने पर मोटरसाइकिल गायब मिली. आसपास तलाश करने पर मोटरसाइकिल नहीं मिली. इसी दौरान घर के सामने स्थित गजानन महाराज मंदिर की दानपेटी भी टूटी हुई मिली. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मोटरसाइकिल और दानपेटी से चोरी की रकम सहित कुल करीब 56 हजार रुपए के माल की चोरी का मामला दर्ज किया.
* पूछताछ में दो वारदातों का खुलासा
मामले की जांच के दौरान परतवाड़ा पुलिस थाने की डीबी दल को सूचना मिली कि वारदात में एक नाबालिग युवक का हाथ है. पुलिस ने उसे उसके माता-पिता की मौजूदगी में घर से हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में उसने केदार नगर देवमाली स्थित गजानन महाराज मंदिर की दानपेटी से 5 हजार रुपए चोरी करने की बात स्वीकार की. इसके अलावा शिकायतकर्ता के घर के सामने से मोटरसाइकिल चोरी करने के साथ ही इससे पहले एक अन्य मोटरसाइकिल चोरी करने की जानकारी भी सामने आई. पुलिस ने दोनों चोरी की मोटरसाइकिलें और मंदिर से चोरी की गई रकम बरामद कर ली. इस कार्रवाई से परतवाड़ा पुलिस थाने में दर्ज दो चोरी के मामलों का पर्दाफाश हुआ है.
* वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह कार्रवाई अमरावती ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम, अपर पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड़, धारणी उपविभागीय पुलिस अधिकारी तथा अचलपुर के अतिरिक्त प्रभारी माधवराव गरुड़ और परतवाड़ा थानेदार अजय आकरे के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस निरीक्षक सलीम शेख, हेड कांस्टेबल सचिन होले, सुधीर राउत, चंद्रशेखर वानखड़े, जितेश बाबिल, घनशाम किरोले, सचिन कोकने, शुभम शर्मा तथा चालक पुलिस कांस्टेबल प्रवीण चकोर के दल ने की.





