अमर शहीद संत कंवरराम साहिब जयंती महोत्सव का शुभारंभ
पूज्य कंवरराम धाम जरवार भानखेडा में भव्य आयोजन

* 15 अप्रैल तक धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रहेगी रेलचेल
* पूर्व सांसद नवनीत राणा ने दी लंगर परोसकर सेवा
अमरावती/दि.14- अमर शहीद संत कंवरराम साहिब के 141 वें जयंती महोत्सव का शुभारंभ सोमवार 13 अप्रैल से संत कंवरराम धाम जरवार भानखेडा में श्रद्धा और उत्साह के साथ हुआ यह तीन दिवसीय महोत्सव 15 अप्रैल तक विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक और सेवा कार्यों के साथ आयोजित किया जा रहा है.
यह महोत्सव संत कंवरराम साहिब के गद्दीनशीन संत साई राजेशलाल कंवर के सानिध्य में आयोजित हो रहा है. महोत्सव के शुभारंभ के समय जिले की पूर्व सांसद नवनीत राणा, महापौर श्रीचंद तेजवानी, पूर्व पार्षद बलदेव बजाज, पार्षद महेश मूलचंदानी, प्रशांत वानखडे, नंदा सावदे, हर्षा रेवाले, एड. वासुदेव नवलानी, सुदामचंद तलडा, डॉ. रोमा बजाज, तुलसी सेतिया, जितू मोटवानी, दीपक तलडा, रोहित पुंशी, राजकुमार रत्नानी, डॉ. मनीष गवई, डेटाराम मनोजा, शिवकुमार मोहनानी आदि सहित समाजबंधु और श्रद्धालु मौजूद थे. पूर्व सांसद नवनीत राणा ने श्रद्धालुओं को लंगर परोसकर अपनी सेवाएं दी.
* पहले दिन रास-गरबा का हुआ आयोजन
पहले दिन सोमवार 13 अप्रैल को रास-गरबा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. इस प्रतियोगिता में समाज की बहनों ने उत्साह के साथ रास-गरबा किया. 15 अप्रैल तक चलने वाले इस आयोजन में धार्मिक अनुष्ठान, संत समागम, भजन-कीर्तन, गीत-संगीत, नृत्य तथा नाटक जैसे विविध कार्यक्रम शामिल है. साथ ही बच्चों और परिवारों के लिए आकर्षक व मनोरंजक झूलों की भी व्यवस्था की गई है.
* विविध कार्यक्रमों का होगा आयोजन
महोत्सव के दौरान सिंधी नाटक गुरु शिष्य परंपरा-सच्चो सतराम सुहिणों कंवरराम का मंचन भी किया जा रहा है. इस नाटक के लेखक किशोर लालवानी है और निर्माता-निर्देशक तुलसी सेतिया है. इस प्रस्तुति में सिंधुडी युथविंग नागपुर के कलाकार सहभाग ले रहे हैं. सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अनिल भगत, सरल रोशन, राजू जुरानी, मंजूश्री आसुदानी, राम श्याम पार्टी, सौम्या पंजवानी, गिरीश नारायण, लक्की भगत, मोहन भगत, तनीष्क वासरानी एवं पवनकुमार जैसे कलाकार प्रस्तुतियां देंगे.
* 15 अप्रैल तक नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर
महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के लिए 14 और 15 अप्रैल तक नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन भी किया गया है. जो रोजाना रात 8 से 10 बजे तक चलेगा. यह सेवा श्रीमती मधु हरदासानी, लाल हरदासानी एवं अशोक हरदासानी की ओर से समर्पित की गई है. सोमवार 13 अप्रैल को इस सेवा का उद्घाटन किया गया है.
* निरंतर जारी रहेगा लंगर
15 अप्रैल तक चलने वाले इस महोत्सव में श्रद्धालुओं के लिए लंगर की व्यवस्था निरंतर जारी रहेगी. इस महोत्सव का आयोजन संत कंवरराम धाम ट्रस्ट, अमरावती जिले की पूज्य पंचायतों एवं साध संगत के सहयोग से किया जा रहा है. महोत्सव में बडी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे है और पूरे परिसर में भक्ति व उत्सव का माहौल बना हुआ है.
* बस सेवा को महापौर श्रीचंद तेजवानी ने दिखाई हरी झंडी
अमरावती शहर से पूज्य संत कंवरराम धाम तक श्रद्धालुओं को लाने और ले जाने के लिए नि:शुल्क सिटी बस सेवा उपलब्ध करवाई गई है. इस बस सेवा को महापौर श्रीचंद तेजवानी ने हरी झंडी दिखाई. इस समय मान्यवर उपस्थित थे.





