इंस्टाग्राम पर नोटों का वीडियो पड़ा भारी, दोस्तों ने ही रची डकैती की साजिश

चोरी के बाद मांगी 40 लाख की फिरौती

नागपुर/दि.7 – सोशल मीडिया पर नकदी का वीडियो पोस्ट करना नागपुर के एक व्यवसायी को भारी पड़ गया. इंस्टाग्राम पर बड़ी रकम दिखाने वाला वीडियो देखने के बाद उसके ही दोस्तों ने 75 चोरी की वारदातों में शामिल एक शातिर बदमाश के साथ मिलकर घर में चोरी की साजिश रच डाली. आरोपियों ने करीब 8 लाख रुपये का नकद और सोने के आभूषण चुरा लिए. इसके बाद उन्हें लगा कि घर में और भी बड़ी रकम छिपी है, इसलिए व्यवसायी से 40 लाख रुपये की फिरौती भी मांग डाली. मामला बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र का है.
पुलिस के अनुसार, मैक्स ग्लोरी स्टोरी क्षेत्र निवासी व्यवसायी समीर यसलवार ने कुछ दिन पहले इंस्टाग्राम पर बड़ी मात्रा में नकदी का वीडियो पोस्ट किया था. यह वीडियो देखने के बाद उसके मित्र श्रेयस बोरकर ने अपने साथियों के साथ चोरी की योजना बनाई. आरोपियों ने पहले व्यवसायी की कार में मोबाइल ट्रैकिंग डिवाइस लगाकर उसके घर की लोकेशन का पता लगाया. इसके बाद ‘पोंग्या’ दाभणे नामक आरोपी ने घर की खिड़की का शीशा काटकर अंदर प्रवेश किया. उसने घर में रखी करीब 4.50 लाख रुपये की नकदी और लगभग 4 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण इकट्ठा कर बाहर खड़े साथियों को सौंप दिए और मुख्य दरवाजे से फरार हो गया.
चोरी के बाद जब आरोपियों में लूट का सामान बांटा गया तो कुछ को शक हुआ कि उन्हें कम हिस्सा मिला है. इंस्टाग्राम पर दिखाई गई भारी नकदी को देखते हुए उन्हें लगा कि व्यवसायी के घर में अभी भी बड़ी रकम मौजूद है. इसके बाद आरोपियों ने व्यवसायी को फोन कर 40 लाख रुपये की फिरौती की मांग की. चोरी और फिरौती की इस वारदात की जांच के दौरान पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए वाहन के आधार पर आरोपियों की पहचान की. बेलतरोड़ी पुलिस ने इस मामले में पोंग्या दाभणे और अक्षय लोखंडे को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पांच अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. बेलतरोड़ी थाना के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रितेश आहेर ने बताया कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Back to top button