जैन क्रिकेट कार्निवल सीजन-1 का भव्य समापन
प्रेरणापुंज पैंथर्स बने चैंपियन, फाइनल में सोलर किंग्स को हराकर जीता खिताब

* चार दिनों तक चला रोमांचक मुकाबला, बारिश के बावजूद खिलाड़ियों का उत्साह रहा बरकरार
* 95 खिलाड़ियों और 9 टीमों ने लिया हिस्सा, क्रिकेट प्रेमियों की रही जबर्दस्त उपस्थिति
अमरावती/दि.19– शहर के खेल प्रेमियों के लिए आयोजित जैन समाज के पहले जैन क्रिकेट कार्निवल सीजन-1 का शानदार समापन मंगलवार देर रात बडनेरा रोड स्थित खेल कट्टा मल्टीस्पोर्ट्स टर्फ एरीना में हुआ. चार दिनों तक चले इस क्रिकेट महोत्सव में 9 टीमों के 95 खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर खेल कौशल और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. मूल रूप से शनिवार और रविवार को आयोजित होने वाला यह टूर्नामेंट लगातार हुई बारिश के कारण निर्धारित समय से आगे बढ़ाना पड़ा. मौसम की चुनौतियों के बावजूद आयोजकों और खिलाड़ियों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई. अंततः मंगलवार देर रात करीब 12.30 बजे फाइनल मुकाबले के साथ प्रतियोगिता का सफल समापन हुआ.
लीग चरण के मुकाबलों में सभी टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया. इसके बाद शीर्ष पांच टीमों के बीच खेले गए प्लेऑफ मुकाबलों ने प्रतियोगिता को और रोमांचक बना दिया. दर्शकों को अंतिम क्षण तक सांसें थाम देने वाले मुकाबले देखने को मिले. फाइनल मुकाबले में निशांत मुणोत के नेतृत्व वाली प्रेरणापुंज पैंथर्स ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए विपिन जैन की कप्तानी वाली सोलर किंग्स को पराजित कर टूर्नामेंट का पहला खिताब अपने नाम किया. जीत के बाद खिलाड़ियों और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला.
* व्यक्तिगत पुरस्कारों में भी खिलाड़ियों ने बटोरी वाहवाही
पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विशेष पुरस्कारों से सम्मानित किया गया. जिसके तहत बेस्ट बैट्समैन विपिन जैन (सोलर किंग्स), बेस्ट बॉलर पूर्वेश देवड़ा (पारस स्ट्राइकर्स) व मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर (एमवीपी) स्मिथ दोशी (दोशी डायनामाइट्स) घोषित किए गये. इन खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में अपने दमदार प्रदर्शन से दर्शकों और क्रिकेट प्रेमियों को प्रभावित किया.
* सामाजिक सहभागिता और सहयोग से सफल हुआ आयोजन
टूर्नामेंट को सफल बनाने में विभिन्न प्रायोजकों और सहयोगी संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही. प्रतियोगिता के मुख्य प्रायोजक करण कोठारी ज्वेलर्स रहे, जबकि फोनबुक सह-प्रायोजक के रूप में जुड़ा. आयोजन का प्रबंधन राजलक्ष्मी इलेक्ट्रॉनिक्स ने किया तथा जलाराम मिठाईया पावर्ड बाय पार्टनर रहे. वहीं ब्लुवा ने को-पावर्ड पार्टनर की भूमिका निभाई. इसके अलावा बॉम्बे डाइस ट्रॉफी पार्टनर, खेल कट्टा वेन्यू पार्टनर, मल्टी क्रिएशन क्रिएटिव पार्टनर तथा बाबूजी पॉलीक्लिनिक हेल्थ पार्टनर के रूप में आयोजन से जुड़े रहे.
* आयोजकों की मेहनत को मिली सराहना
बारिश के कारण उत्पन्न चुनौतियों के बावजूद प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए आयोजक मोहित बोकरिया, डॉ. अभिनंदन बोकरिया तथा रोहन देओलासी की विशेष सराहना की गई. खिलाड़ियों और दर्शकों ने आयोजन की व्यवस्थाओं तथा पेशेवर संचालन की प्रशंसा की. समापन अवसर पर आयोजकों ने सभी खिलाड़ियों, टीम कप्तानों, प्रायोजकों, सहयोगी संस्थाओं और क्रिकेट प्रेमियों का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि जैन क्रिकेट कार्निवल का पहला संस्करण जिस उत्साह और सफलता के साथ संपन्न हुआ है, वह भविष्य में इसे और बड़े स्तर पर आयोजित करने के लिए प्रेरणा देगा. जैन क्रिकेट कार्निवल सीजन-1 ने न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया, बल्कि समाज में खेल भावना, एकता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का भी संदेश दिया.





