महायुति का सीट बंटवारा तय, भाजपा 12 सीटों पर लड़ेगी

विधान परिषद चुनाव-2026

मुंबई./दि.22 – महाराष्ट्र में आगामी विधान परिषद चुनाव-2026 को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. महायुति के बीच सीट बंटवारे का प्रारंभिक फॉर्मूला लगभग तय माना जा रहा है. सूत्रों के मुताबिक, चुनाव भाजपा, शिवसेना (शिंदे गुट) और एनसीपी (अजित पवार गुट) मिलकर लड़ेंगे.
प्रारंभिक चर्चा के अनुसार भाजपा 12 सीटों, शिवसेना 3 सीटों और राष्ट्रवादी कांग्रेस 2 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है. इस फॉर्मूले पर वरिष्ठ नेताओं के बीच सहमति बनने की जानकारी सामने आई है. राज्य विधान परिषद की कुल 17 सीटों के लिए 18 जून को मतदान होगा, जबकि मतगणना 22 जून को की जाएगी. स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं में पार्टियों की सदस्य संख्या को आधार मानकर सीटों का वितरण किया जा रहा है. बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और दोनों उपमुख्यमंत्रियों की अंतिम बैठक के बाद सीट बंटवारे को औपचारिक मंजूरी दी जाएगी. राजनीतिक जानकारों के अनुसार स्थानीय निकायों में मजबूत संख्याबल के कारण महायुति इस चुनाव में बढ़त की स्थिति में दिखाई दे रही है. वहीं सीटों के अदला-बदली और पारंपरिक क्षेत्रों में बदलाव को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं.
* संभावित सीट बंटवारा
* भाजपा – 12 सीटें
नागपुर, वर्धा-चंद्रपुर-गडचिरोली, अहिल्यानगर, छत्रपति संभाजीनगर-जालना, सातारा-सांगली, पुणे, जालगांव, नांदेड़, भंडारा-गोंदिया, अमरावती, लातूर-धाराशिव-बीड़ और सोलापुर.
* शिवसेना – 3 सीटें
ठाणे, नासिक और यवतमाल.
* राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी – 2 सीटें
रायगढ़-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग और हिंगोली-परभणी.
* चुनाव कार्यक्रम
– अधिसूचना जारी : 25 मई
– नामांकन की अंतिम तिथि : 1 जून
– नामांकन जांच : 2 जून
– नाम वापसी : 4 जून
– मतदान : 18 जून
– मतगणना : 22 जून

Back to top button