बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई
18 महीने बाद अंगरक्षक सेवा से बर्खास्त

* बिश्नोई कनेक्शन वाले मामले में बड़ा एक्शन
मुंबई/दि.11 – राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में डेढ़ साल बाद मुंबई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. हमले के समय बाबा सिद्दीकी की सुरक्षा में तैनात पुलिस हवलदार श्याम सोनवणे को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है. कर्तव्य में लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार का आरोप लगाते हुए यह कार्रवाई की गई. श्याम सोनवणे मुंबई पुलिस के संरक्षण और सुरक्षा विभाग में कार्यरत थे. इस घटना के बाद उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई थी, जिसके पूरा होने के बाद अंततः उन्हें सेवा से बाहर करने की कार्रवाई की गई है.
12 अक्टूबर 2024 को बांद्रा पूर्व के खेरवाडी इलाके में बाबा सिद्दीकी पर गोलीबारी हुई थी. उनके बेटे जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के बाहर अज्ञात हमलावरों ने गोलियां चलाई थीं. इस हमले में बाबा सिद्दीकी गंभीर रूप से घायल हो गए थे. उन्हें तुरंत लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई. इस घटना के पीछे गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई का नाम सामने आया था. इस मामले में अब तक 27 आरोपियों को मकोका के तहत गिरफ्तार किया जा चुका है.
घटना के समय श्याम सोनवणे बाबा सिद्दीकी के अंगरक्षक (बॉडीगार्ड) के रूप में ड्यूटी पर थे. हालांकि, उन पर गंभीर आरोप लगाया गया था कि हमला होने के बाद उन्होंने तुरंत जवाबी कार्रवाई नहीं की और न ही स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया. इस मामले को गंभीरता से लेते हुए 18 अक्टूबर 2024 को उन्हें निलंबित कर दिया गया था. इसके बाद विभागीय जांच शुरू हुई. जांच में लापरवाही सिद्ध होने के बाद 29 सितंबर 2025 को उन्हें ’कारण बताओ नोटिस’ जारी किया गया था. अंततः 30 अप्रैल 2026 को उन्हें सेवा से मुक्त करने का आदेश निकाला गया और 2 मई को उन्होंने इसे स्वीकार कर लिया.
* अंडरवर्ल्ड कनेक्शन और साजिश की जांच
बाबा सिद्दीकी हत्याकांड पूरे राज्य में चर्चा का विषय रहा था. इस घटना के बाद मुंबई में वीआईपी सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े हुए थे. अब इस मामले में पुलिस बल के ही एक कर्मचारी पर बड़ी कार्रवाई होने से एक बार फिर इस हत्याकांड की चर्चा शुरू हो गई है. जांच एजेंसियां अभी भी इस मामले के कुछ सुरागों की जांच कर रही हैं, और अंडरवर्ल्ड कनेक्शन व साजिश की जांच जारी है.





