अमराठी भाषी वाहन चालकों को सिखाई गई मराठी

आरटीओ की कार्यशाला संपन्न

अमरावती/दि.16– महाराष्ट्र शासन के परिवहन विभाग, राज्य मराठी विकास संस्था, कोंकण मराठी साहित्य परिषद और मुंबई मराठी साहित्य संघ के संयुक्त तत्वावधान में ‘महाराष्ट्र माझा, मराठी माझी संवाद भाषा अभियान-2026’ के अंतर्गत अमराठी भाषी ऑटो व टैक्सी चालकों के लिए आयोजित मराठी भाषा प्रशिक्षण कार्यशाला गुरुवार को क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय के सभागार में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई.
कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी उर्मिला पवार ने की. मुख्य अतिथियों में कोंकण मराठी साहित्य परिषद की सचिव प्रो. दीपा ठाणेकर, वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. अनुपमा उजगरे, उपक्षेत्रीय परिवहन अधिकारी नंदकिशोर काले तथा ऑटो यूनियन के अध्यक्ष नितीन मोहोड उपस्थित रहे. कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती पूजन एवं दीप प्रज्वलन से हुआ. वक्ताओं ने कहा कि यात्रियों के साथ प्रभावी संवाद स्थापित करने और बेहतर सेवा प्रदान करने के लिए मराठी भाषा का ज्ञान आवश्यक है. शिष्ट एवं आत्मविश्वासपूर्ण संवाद से नागरिकों का विश्वास भी मजबूत होता है. कार्यशाला में ऑटो और टैक्सी चालकों को मराठी भाषा के दैनिक उपयोग में आने वाले शब्द, वाक्य संरचना और संवाद कौशल का प्रशिक्षण दिया गया. इसका उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों के साथ सहज संवाद स्थापित करना, मराठी भाषा के प्रति सम्मान और आत्मीयता बढ़ाना तथा सेवा की गुणवत्ता में सुधार लाना है.
प्रा. दीपा ठाणेकर ने कहा कि मराठी महाराष्ट्र की राजभाषा है और राज्य में व्यवसाय करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को इसका ज्ञान होना चाहिए. उन्होंने बताया कि अभियान के तहत अमराठी भाषी वाहन चालकों को मराठी भाषा का प्रशिक्षण दिया जाएगा. प्रशिक्षण के बाद मूल्यांकन परीक्षा आयोजित की जाएगी तथा सफल प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा. कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय, अमरावती के जनसंपर्क अधिकारी अनिल मानकर ने किया. उपस्थित अधिकारियों, अतिथियों और वाहन चालकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए भविष्य में भी ऐसी जनहितकारी कार्यशालाओं के नियमित आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की.

Back to top button